Delhi: 'आसानी से कैसे मरें'... मौत से पहले आकृति की गूगल सर्च ने पुलिस को किया हैरान, पति गिरफ्तार

Delhi Akriti Death Case: पुलिस ने आकृति के पति को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज से जुड़ी मौत के मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन का डेटा और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है

अपडेटेड Jul 07, 2026 पर 4:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जांच के दौरान पुलिस को आकृति के मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री में "आसानी से कैसे मरें" लिखा हुआ मिला।

दिल्ली में आकृति की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। आकृति की गूगल सर्च हिस्ट्री से हैरान कर देने वाली बातों का खुलासा हुआ है। बता दें कि, दिल्ली की 28 वर्षीय आकृति सुतार की शादी के करीब दो महीनों के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के आरोप में उनके पति को एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया। आकृति सुतार ने करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद 24 अप्रैल को अरास्तु सिक्का से शादी की थी।

आकृति सुतार ने करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद 24 अप्रैल को अरास्तु सिक्का से शादी की थी। शादी के कारण कुछ समय की छुट्टी लेने के बाद वह 1 जुलाई को छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर फिर से काम पर लौट गई थीं। लेकिन नौकरी शुरू करने के सिर्फ चार दिन बाद ही दिल्ली की लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी के आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से गिरने से उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने पति को  किया गिरफ्तार


पुलिस ने आकृति के पति को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज से जुड़ी मौत के मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन का डेटा और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में आकृति के छोटे भाई अमाय सुतार ने बताया कि उनकी बहन का मानना था कि अगर वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर रहेंगी तो ससुराल वालों की प्रताड़ना का सामना बेहतर तरीके से कर सकेंगी और परिवार पर बोझ भी नहीं बनेंगी। अमाय ने बताया कि शादी के बाद आकृति को घर का जरूरी सामान नहीं लाने को लेकर बार-बार ताने दिए जाते थे। उन्हें उम्मीद थी कि नौकरी करके अपनी कमाई से वह धीरे-धीरे ये सभी सामान खरीद लेंगी, जिससे ससुराल वालों की शिकायतें भी खत्म हो जाएंगी।

इशारों में की जाती थी दहेज की मांग

आकृति के भाई अमाय सुतार ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले अक्सर कहते थे कि वह शादी में बिस्तर, सोफा, अलमारी, फ्रिज और एसी जैसी जरूरी चीजें लेकर नहीं आई हैं। उनका कहना है कि इन बातों के जरिए परिवार पर अप्रत्यक्ष रूप से 10 से 20 लाख रुपये की मांग का दबाव बनाया जा रहा था। अमाय ने बताया कि आकृति अपने मायके से पैसे नहीं मांगना चाहती थीं। वह अपनी मेहनत की कमाई से धीरे-धीरे सभी चीजें खरीदकर यह विवाद खत्म करना चाहती थीं।

अमाय ने बहन की बात याद करते हुए कहा, "उसने मुझसे कहा था, 'तुम अभी-अभी आर्थिक रूप से मजबूत हुए हो। अपने ऊपर बोझ मत लो। मैं नौकरी करती रहूंगी और धीरे-धीरे सब कुछ खुद खरीद लूंगी। शायद उसके बाद वे मुझे ताने देना बंद कर दें।'"

अमाय सुतार ने बताया कि परिवार की आर्थिक परेशानियों का उनकी बहन आकृति के फैसलों पर गहरा असर पड़ा था। साल 2019 में उनके पिता का कैंसर से निधन हो गया था। लंबे समय तक इलाज चलने की वजह से परिवार पर काफी कर्ज भी हो गया था।

अमाय ने कहा, "पिताजी के जाने के बाद मेरी बहन ने हमेशा मेरा साथ दिया। उसका सबसे बड़ा सपना था कि मैं अपने पैरों पर खड़ा हो जाऊं और जिंदगी में आगे बढ़ूं।" परिवार का कहना है कि शादी से पहले अरास्तु सिक्का का परिवार इस बात पर राजी था कि आकृति शादी के बाद भी नौकरी करती रहेंगी। लेकिन शादी के बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया और कहने लगे कि ऐसी कोई बात कभी तय ही नहीं हुई थी। अमाय ने आरोप लगाया कि उनकी बहन ने ससुराल में होने वाली कई परेशानियां और प्रताड़ना परिवार से छिपाकर रखीं। उन्हें उम्मीद थी कि समय के साथ सब कुछ ठीक हो जाएगा। शुरुआत में परिवार को भी लगा कि यह पति-पत्नी के बीच होने वाले सामान्य मतभेद हैं।

'एक बार थप्पड़ मारने की भी शिकायत की थी'

अमाय सुतार ने बताया कि एक बार आकृति ने उन्हें बताया था कि उसके पति ने उसे थप्पड़ मारा है। इसके बाद दोनों परिवारों ने मिलकर मामला सुलझाने की कोशिश की। सभी को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद हालात सुधर जाएंगे। अमाय के अनुसार, अपनी मौत से एक दिन पहले यानी 3 जुलाई को आकृति ने शादी के बाद से झेली गई परेशानियों के बारे में खुलकर बताया। उसने कहा था कि उसके साथ मारपीट की गई, धमकियां दी गईं और उसे बार-बार प्रताड़ित किया जाता था।

अमाय ने कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें लगता है कि कई ऐसे संकेत थे, जिन्हें परिवार उस समय समझ नहीं पाया। उन्होंने बताया, "शादी के बाद आकृति पहले से ज्यादा चुप रहने लगी थी। हमें लगा कि वह नए माहौल में खुद को ढाल रही है और इसलिए शांत रहती है। जब भी हम उससे पूछते थे, वह हमेशा यही कहती थी कि सब ठीक है।"

पति मोबाइल पर भी रखता था पूरी नजर'

अमाय सुतार ने आरोप लगाया कि अरास्तु सिक्का आकृति के मोबाइल फोन पर पूरी नजर रखता था। वह अक्सर उसके कॉल, मैसेज और दूसरी गतिविधियों की जांच करता रहता था। अमाय के अनुसार, "अगर गलती से भी फोन का पासवर्ड बदल जाता, तो वह आकृति पर किसी और से संबंध होने का आरोप लगाता था। इसके बाद उसे गालियां देता और मारपीट भी करता था।" उन्होंने बताया कि अरास्तु को यह भी पसंद नहीं था कि आकृति अपनी मां या भाई से फोन पर बात करे। वह उसके मोबाइल में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों पर भी सवाल उठाता था।

अमाय ने कहा कि उन्हें काफी समय से अपने जीजा के व्यवहार पर शक था। उन्होंने बताया, "अगर मैं कभी उन्हें नमस्ते करना भूल जाता, तो वह मेरी बहन से इसकी शिकायत करते और उसे बड़ा मुद्दा बना देते थे। तभी मुझे लगता था कि जो व्यक्ति इतनी छोटी बात पर नाराज हो सकता है, वह घर के अंदर कैसा व्यवहार करता होगा।"

अमाय ने यह भी आरोप लगाया कि जब आकृति ने अपने परिवार को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताया, तो उसके पति ने उसे धमकी दी। उसने कहा कि अगर वह अपने मायके वालों से अपनी शादीशुदा जिंदगी की बातें करती रही, तो वह उसकी पिटाई करवाएगा और उसकी नौकरी भी छुड़वा देगा।

महिला ने गूगल पर सर्च किया था- 'आसानी से कैसे मरें'

जांच के दौरान पुलिस को आकृति के मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री में "आसानी से कैसे मरें" लिखा हुआ मिला। अब जांच अधिकारी इस सर्च की भी गहराई से जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसने यह सर्च किन परिस्थितियों में किया था। परिजनों के मुताबिक, 4 जुलाई को आकृति रोज की तरह ऑफिस से निकली थीं, लेकिन देर तक घर नहीं पहुंचीं। परिवार ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। उसी रात एक पुलिस अधिकारी ने परिवार को फोन कर बताया कि लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद आकृति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।