Delhi Protest: नमो भारत के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन रहेंगे बंद, जानिए आनंद विहार से मेरठ रूट पर क्या पड़ेगा असर

Delhi Protest: NCRTC की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी के मुताबिक, सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशनों को शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार (10 अक्टूबर) रात 10 बजे तक आम यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

अपडेटेड Oct 09, 2026 पर 6:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि पूरी ट्रेन सेवा ठप नहीं होगी। NCRTC ने साफ किया है कि दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से लेकर उत्तर प्रदेश में मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन की सेवाएं अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

Delhi Protest: दिल्ली में शनिवार 10 अक्टूबर को होने वाले बड़े विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर कड़े कदम उठाए गए हैं। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने शुक्रवार शाम एडवाइजरी जारी कर जानकारी दी है कि दिल्ली में नमो भारत ट्रेन (RRTS) के दो प्रमुख स्टेशनों सराय काले खां और न्यू अशोक नगर को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। अगर आप शनिवार को नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रूट और स्टेशनों से जुड़ी यह अहम जरूरी जानकारी जान लें।

शुक्रवार रात से शनिवार रात तक बंद रहेंगे दोनों स्टेशन

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक NCRTC की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी के मुताबिक, सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशनों को शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार (10 अक्टूबर) रात 10 बजे तक आम यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। इस दौरान इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


आनंद विहार से मोदीपुरम (मेरठ) रूट पर क्या पड़ेगा असर?

नमो भारत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि पूरी ट्रेन सेवा ठप नहीं होगी। NCRTC ने साफ किया है कि दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से लेकर उत्तर प्रदेश में मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन की सेवाएं अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सामान्य रूप से चलती रहेंगी। यानी जो यात्री आनंद विहार से गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर या मेरठ की तरफ जाना चाहते हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। सिर्फ सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी और ये स्टेशन बंद रहेंगे।

कनॉट प्लेस (CP) के बाजार भी रहेंगे बंद

शनिवार को होने वाले प्रदर्शन का असर दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों पर भी देखने को मिलेगा। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक सर्कुलर जारी कर कनॉट प्लेस की सभी दुकानों, दफ्तरों, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को शनिवार को बंद रखने की सलाह दी है। NDTA के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सलाह के आधार पर एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। व्यापारी संगठन ने यह फैसला संभावित भीड़, संपत्ति के नुकसान और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए लिया है।

क्यों हो रहा है दिल्ली में प्रदर्शन?

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और स्टेशनों व बाजारों को बंद करने के पीछे शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित बड़ा विरोध-प्रदर्शन है। कॉकरोच जनता पार्टीने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस तथा अन्य एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।