दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। ये हादसा ईदगाह मस्जिद के पास हुआ। इमारत गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस और फायर विभाग की टीम का बचाव काम जारी है। हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह घटना सत्य निकेतन में हुए इमारत हादसे के करीब एक महीने बाद सामने आई है।
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी में एक चार मंजिला इमारत गिरने से कम से कम पांच लोग घायल हो गए। इमारत के मलबे में आसपास के दो-तीन घरों के कुछ हिस्से भी दब गए हैं।
मलबे में अभी भी फंसे हैं कुछ लोग
दिल्ली फायर सर्विस को बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे सीमापुरी में इमारत गिरने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल रेस्क्यू टीम लोगों को बाहर निकालने में जुटी हुई है।
X पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पोस्ट में लिखा, “सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई है और रेस्क्यू टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहनों को जल्दी निकलने देने के लिए हर लेन को खाली रखें। संभव हो तो इस इलाके में जाने से बचें। हादसे वाली जगह के पास न रुकें, न पार्किंग करें और न ही भीड़ इकट्ठा करें। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।”