Delhi SIR: देशभर में इस समय स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR पर काम चल रह है। वहीं राजधानी दिल्ली में एसआईआर को लेकर जारी नोटिस में देश के बड़े-बड़े नाम सामने आए हैं। इस सूची में कई बड़े राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इलेक्शन कमिश्नर एस.एस. संधू, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी समेत कई बड़े नाम SIR के तहत जारी नोटिस की सूची में शामिल हैं। एसआईआर के जरिए वोटर लिस्ट की जांच की जा रही है और उसमें जरूरी सुधार किए जा रहे हैं।
इन लोगों को जारी हुआ नोटिस
न्यूज18 इंडिया के मुताबिक इस लिस्ट में कई बड़े नेताओं के नाम शामिल है। इस सूची में कांग्रेस नेता और वरिष्ठ सांसद कपिल सिब्बल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के नाम भी शामिल हैं। सूची के अनुसार, चुनावी रिकॉर्ड में एस.एस. संधू के नाम की स्पेलिंग में गलती होने के कारण उन्हें नोटिस जारी किया गया है। नोटिस की सूची में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी शामिल हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनकी पत्नी के.एस. जयशंकर का नाम भी मतदाता सूची की जांच के दौरान जारी नोटिस की सूची में शामिल है। वहीं, कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल और विदेश सचिव विक्रम मिसरी को नोटिस इसलिए जारी किया गया है, क्योंकि उनके नाम पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के रिकॉर्ड से मेल नहीं पाए। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी का नाम भी इस सूची में है। सत्ता और राजनीति से जुड़े कई जाने-माने लोगों को पिछले एसआईआर के रिकॉर्ड से नाम नहीं मिलने या रिकॉर्ड में किसी तरह की गड़बड़ी पाए जाने के कारण नोटिस भेजे गए हैं।
ये नोटिस चल रही मतदाता सूची की जांच प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इन नोटिस में अलग-अलग मामलों में रिकॉर्ड की गड़बड़ी, नाम की स्पेलिंग में गलती या पिछले एसआईआर के रिकॉर्ड से नाम का मेल नहीं होने जैसी वजहों का जिक्र किया गया है।