Delhi Weather Today: दिल्ली में आज 47 ℃ पहुंच सकता है टेंप्रेचर, IMD ने दिया हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट, 26 मई तक ऐसा रहेगा मौसम
Delhi Weather Today: दिल्ली और आस-पास के इलाकों में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और थार मरुस्थल से आ रही झुलसाने वाली गर्म हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर पूरी तरह भट्टी की तरह तप रहा है।
दिल्ली में आज 47 ℃ पहुंच सकता है टेंप्रेचर, IMD ने दिया हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
Delhi Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और थार मरुस्थल से आ रही झुलसाने वाली गर्म हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर पूरी तरह भट्टी की तरह तप रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के दिल्ली आंचलिक केंद्र ने अपनी ताजा नाइट वेदर बुलेटिन में चेतावनी दी है कि दिल्ली में आज यानी गुरुवार को पारा 47 डिग्री सेल्सियस के खौफनाक स्तर को छू सकता है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी में हीटवेव का हैवी अलर्ट बरकरार रखा है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि आगामी 26 मई तक दिल्लीवालों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
आपको बता दें कि बुधवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली गंभीर हीटवेव की चपेट में रही। सफदरजंग, पालम, लोधी रोड और रिज समेत दिल्ली के सभी प्रमुख वेदर स्टेशनों पर तापमान 45 डिग्री के आस-पास या उससे ऊपर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में भीषण लू का प्रकोप चरम पर रहेगा और इसके बाद भी अगले एक हफ्ते तक राहत के कोई आसार नहीं हैं।
26 मई तक कैसा रहेगा मौसम? देखें आईएमडी का 7 दिनों का पूर्वानुमान (Delhi 7 Days Forecast):
मौसम विभाग द्वारा जारी वीकली चार्ट के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिनों में पारे का ग्राफ कुछ इस तरह रहेगा:
21 मई (आज): आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 45 से 47°C के बीच रहने का अनुमान है। दिन के समय 15-25 किमी/घंटे की रफ़्तार से झुलसाने वाली हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 35 किमी/घंटे तक पहुंच सकते हैं। कुछ पॉकेट्स में भारी लू का टॉर्चर रहेगा।
22 मई: मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 45-47°C और न्यूनतम तापमान 27-29°C के बीच बना रहेगा। तीखी धूप के साथ लू का दौर जारी रहेगा।
23 मई: आंशिक राहत के नाम पर पारा 44 से 46°C के बीच रह सकता है। हालांकि, दिन के समय हवा की रफ़्तार बढ़कर 20-30 किमी/घंटे हो जाएगी, जिसके झोंके 45 किमी/घंटे तक जा सकते हैं, जिससे थपेड़े और ज्यादा गर्म महसूस होंगे।
24 से 26 मई तक: इन तीन दिनों के दौरान भी अधिकतम तापमान 43 से 45°C के बेहद गर्म स्तर पर बना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और कुछ-कुछ इलाकों में लू की स्थिति लगातार बनी रहेगी।
दिल्ली मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी 7 दिनों का मौसम का पूर्वानुमान यहां नीचे देखिए
बीते 24 घंटे में कैसा रहा दिल्ली के अलग-अलग इलाकों का हाल?
बुधवार को दिल्ली का रिज इलाका 45.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.5°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा था।
एक्सपर्ट्स से जानिए- क्यों भट्टी की तरह सुलग रही है दिल्ली?
स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पालावत के मुताबिक, दिल्ली में इस सीजन की यह 5वीं बड़ी हीटवेव है। इससे पहले अप्रैल के आखिरी हफ्ते और 19 मई को भी ऐसी ही स्थिति थी। इस भीषण गर्मी के पीछे दो बड़े मुख्य कारण हैं। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाएं सीधे राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के बेहद शुष्क और गर्म इलाकों से आ रही हैं। ये हवाएं इतनी सूखी और गर्म होती हैं कि दिल्ली पहुंचते-पहुंचते सतह के पास की गर्मी को पूरी तरह लॉक (टैप) कर देती हैं, जिससे 'सियरिंग कंडीशंस' बन जाती हैं। दिन में अत्यधिक हीटिंग होने के कारण जमीन इतनी ज्यादा गर्म हो जा रही है कि रात के समय उसे ठंडी होने के लिए पूरा समय नहीं मिल पा रहा है। यही वजह है कि रात का तापमान भी 28-29°C के आस-पास बना हुआ है।
अगले 10 दिन बारिश की कोई उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के सिनॉप्टिक एनालिसिस के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के पास एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय तो है, लेकिन मैदानी इलाकों में इसका कोई असर नहीं है। अगले 10 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में किसी भी प्री-मानसून शावर या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं दिख रही है।
धूलभरी हवाओं से बिगड़ी हवा (AQI), डॉक्टरों की चेतावनी
तेज और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण हवा में धूल के कण (PM10) काफी बढ़ गए हैं, जिससे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) भी प्रभावित हुआ है और यह 168 (मध्यम श्रेणी) दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस लंबे शुष्क स्पेल और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण 'सनस्ट्रोक' (लू लगना) और गर्मी से होने वाली बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ गया है। दोपहर 12 से 4 के बीच बेहद जरूरी न होने पर बाहर न निकलें और शरीर में पानी का लेवल बनाए रखें।