Air India Flight: तकनीकी खराबी की वजह से बीच रास्ते से दिल्ली लौटी एयर इंडिया की फ्लाइट, वियतनाम के लिए भरी थी उड़ान

Air India Flight: बुधवार को एयर इंडिया ने रखरखाव और तकनीकी समस्याओं का हवाला देते हुए अपनी तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी थीं। एयरलाइन के अनुसार, इनमें से दो उड़ानें यात्रियों के विमान में सवार होने के बाद रद्द कर दी गई थीं

अपडेटेड Jun 19, 2025 पर 8:05 PM
Story continues below Advertisement
एयरलाइन ने बताया कि 12 जून और 18 जून के बीच बोइंग 787 की कुल 83 उड़ानें रद्द कर दी गईं।

Air India Flight: 19 जून को दिल्ली से वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को एहतियाती तौर पर वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन ने गुरुवार को बताया कि फ्लाइट AI388 जो वियतनाम के लिए रवाना हुई थी वह दिल्ली में वापस उतर गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। जानकारी के मुताबिक, विमान को टेक्निकल खराबी की वजह से उसे बीच रास्ते से वापस लौटा लिया गया। एयरलाइन ने बाद में इस यात्रा के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस व्यवधान पर खेद व्यक्त करते हुए कहा, 'यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। एयर इंडिया में हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।'

हाल के दिनों में दर्जनों उड़ाने हुई है प्रभावित


इससे पहले बुधवार को एयर इंडिया ने रखरखाव और तकनीकी समस्याओं का हवाला देते हुए अपनी तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी थीं। एयरलाइन के अनुसार, इनमें से दो उड़ानें यात्रियों के विमान में सवार होने के बाद रद्द कर दी गई थीं। बुधवार को एयरलाइन ने बताया कि 12 जून और 18 जून के बीच बोइंग 787 की कुल 83 उड़ानें रद्द कर दी गईं। एयरलाइन ने ये कहा कि वह अगले कुछ हफ्तों के लिए चौड़े-बॉडी वाले विमानों से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में 15 प्रतिशत की कमी करेगी। एयर इंडिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, 'एयर इंडिया ने अगले कुछ हफ्तों के लिए चौड़े-बॉडी वाले विमानों पर अपनी अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में 15% की कमी करने का फैसला किया है और यह कटौती 15 जुलाई तक जारी रहेगी।

12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान बोइंग 787 के दुर्घटना का शिकार हो जाने के बाद एयर इंडिया की कई उड़ानें रद्द और लेट हुई हैं। बता दें कि उस दुर्घटना में प्लेन में मौजूद 241 लोगों सहित 270 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे में प्लेन में सवार सिर्फ एक व्यक्ति ही बच पाया था। विमान हादसे के बाद विमानों के संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। किसी भी चूक से बहने के लिए गहन जांच और सभी प्रोटोकॉल को चेक करते हुए परिचालन किया जा रहा है।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश का खौफनाक वीडियो आया सामने, हॉस्‍टल में लगी आग के बाद कूदते दिखे छात्र

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।