न ताला टूटा, न शटर खुला...10 लाख की ज्वेलरी कैसे हुई गायब? CCTV में दिखा असली 'चोर' चूहा

सबसे हैरानी की बात यह थी कि दुकान में चोरी के लिए जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले। दुकान का शटर पूरी तरह सुरक्षित था और कहीं भी तोड़फोड़ नहीं हुई थी। इसके बावजूद सोने की कई चेन और हीरे की अंगूठियां गायब थीं

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 10:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कर्नाटक के तुमकुरु शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

कर्नाटक के तुमकुरु शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चूहे पर करीब 10 लाख रुपये की हीरे और सोने की ज्वेलरी ले जाने का आरोप है। इस घटना ने ज्वेलरी दुकान के मालिक और कर्मचारियों को चौंका दिया। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। यह घटना तुमकुरु के कैल्टेक्स सर्कल के पास स्थित विश्वास ज्वेलरी की है। अगले दिन सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि 50 ग्राम से अधिक हीरे और सोने के गहने गायब हैं।

दुकान मालिक हुआ हैरान 

सबसे हैरानी की बात यह थी कि दुकान में चोरी के लिए जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले। दुकान का शटर पूरी तरह सुरक्षित था और कहीं भी तोड़फोड़ नहीं हुई थी। इसके बावजूद सोने की कई चेन और हीरे की अंगूठियां गायब थीं।


सीसीटीवी फुटेज से खुला ये बड़ा राज

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से पहले दुकान के कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज देखने का फैसला किया। फुटेज देखकर सभी हैरान रह गए। कैमरे में एक चूहा एक-एक करके गहने ले जाता हुआ दिखाई दिया। वीडियो में चूहा गहनों को जमीन पर घसीटते हुए अपने बिल की ओर ले जा रहा था। कर्मचारियों ने चूहे का पीछा किया और उसके बिल का पता लगा लिया। इसके बाद उन्होंने बिल की खुदाई की।

सोने की चेन भी थी गायब

खुदाई के दौरान बिल के अंदर से गायब हुए सभी गहने मिल गए। इनमें 10 अंगूठियां और 3 सोने की चेन शामिल थीं। गहने मिलने के बाद दुकान के मालिक और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। यह अनोखी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर भी चूहे का सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस "ज्वेलरी चोर" चूहे को लेकर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।