50 हजार के निवेश पर कमाएं 1 लाख रुपये, योगी सरकार की इस पहल से ग्रामीण युवाओं को मिलेगा कमाने का मौका
अगर आप गांव में रहकर कमाई के नए अवसर की तलाश कर रहे हैं या फिर कम बजट में अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। जिसका नाम 'प्रोजेक्ट गंगा' है।
यूपी में डिजिटल क्रांति की शुरुआत, गांवों में बनेंगे हजारों रोजगार
अगर आप गांव में रहकर कमाई के नए अवसर की तलाश कर रहे हैं या फिर कम बजट में अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। जिसका नाम 'प्रोजेक्ट गंगा' है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में हाई स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के साथ-साथ हजारों युवाओं और महिलाओं के लिए कमाई के नए रास्ते खोलना है।
सरकार का कहना है कि इस योजना से जुड़े डिजिटल उद्यमी शुरुआती महीनों में करीब 20,000 रुपये तक कमा सकते हैं, जबकि अनुभव बढ़ने के साथ यह आय बढ़कर 1 लाख रुपये प्रति माह तक भी पहुंच सकती है। राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को सिर्फ इंटरनेट कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और डिजिटल बिजनेस को बढ़ावा देने के एक बड़े अभियान के रूप में देख रही है।
गांवों तक पहुंचेगा हाई स्पीड इंटरनेट
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के CEO मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में इंटरनेट केवल सुविधा नहीं बल्कि जरूरत बन चुका है। जिस तरह सड़क, बिजली और पानी विकास के लिए बुनियादी शर्त मानी जाती है, उसी तरह हाई स्पीड इंटरनेट भी अब ग्रामीण विकास का अहम आधार बन गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट गंगा को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले न्याय पंचायत स्तर तक और उसके बाद ग्राम पंचायत स्तर तक हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाई जाएगी। सरकार का मानना है कि इंटरनेट की बेहतर उपलब्धता से शिक्षा, स्वास्थ्य, ई-गवर्नेस, ऑनलाइन कारोबार और डिजिटल सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
गांवों में तैयार होंगे 8 से 10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाता
इस योजना के तहत प्रदेश में करीब 8 से 10 हजार डिजिटल सेवा प्रदाता (DSP) तैयार किए जाएंगे। ये सेवा प्रदाता गांवों में इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराने के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं को भी आगे बढ़ाने का काम करेंगे। सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस पहले से 50 हजार से 1 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा, इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि रोजगार के लिए युवाओं को शहरों की पलायन नहीं करना पड़ेगा, बल्कि अपने गांव में रहकर कमाई कर सकेंगे।
महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
प्रोजेक्ट गंगा के तहत महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी। सरकार के निर्देश के मुताबिक, इसमें 50 प्रतिशत से ज्यादा पद महिलाओं के लिए आरक्षित या प्राथमिकता वाले होंगे। इसका मकसद ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें डिजिटल क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका देना है। सरकार का मानना है कि अगर महिलाओं को सही ट्रेनिंग और अवसर मिले, तो वे न सिर्फ अपनी आय बढ़ा सकती हैं बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी बेहतर बना सकती हैं।
कैसे होगी कमाई?
सरकार का कहना है कि डिजिटल सेवा प्रदाता (DSP) बनने वाले युवाओं और महिलाओं के लिए यह योजना एक स्थायी कमाई का जरिया बन सकती है। जानकारी के मुताबिक, इंटरनेट कनेक्शन की मासिक फीस करीब 350 से 390 रुपये के बीच रहने की संभावना है। जैसे-जैसे गांवों में जुड़े उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ेगी, वैसे-वैसे डिजिटल सेवा प्रदाताओं की कमाई भी बढ़ती जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अगर कोई डिजिटल उद्यमी 7 से 8 महीनों तक लगातार नेटवर्क का विस्तार करता है, तो उसकी मासिक आय लगभग 20,000 रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं, जैसे-जैसे कनेक्शन और सेवाओं का दायरा बढ़ेगा, यह कमाई बढ़कर 1 लाख रुपये प्रति माह तक भी जा सकती है।
मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, यह मॉडल ग्रामीण इलाकों में उन युवाओं के लिए खास तौर पर फायदेमंद है जो स्वरोजगार की तलाश में हैं और अपने गांव में रहकर ही कमाई करना चाहते हैं।
सिर्फ 50 हजार रुपये से शुरू हो सकेगा काम
मनोज कुमार सिंह के अनुसार, इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी आसान वित्तीय व्यवस्था है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि कम साधन वाले युवा भी आसानी से इसमें जुड़ सकें और अपना काम शुरू कर सकें। ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत करीब 5.53 लाख रुपये रखी गई है। इसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त लोन दिया जाएगा।
इसका मतलब है कि इच्छुक व्यक्ति को सिर्फ लगभग 50 हजार रुपये की अपनी हिस्सेदारी (मार्जिन मनी) लगानी होगी। इसके बाद वह डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में अपना नेटवर्क शुरू कर सकता है और गांव में इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध करा सकता है। कम शुरुआती निवेश और सरकारी सहयोग के चलते यह योजना खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए एक आकर्षक अवसर बनती जा रही है, जिससे वे अपने गांव में रहकर ही आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
ग्रामीण पलायन पर लगेगी रोक
ग्रामीण इलाकों से शहरों की ओर युवाओं का लगातार पलायन लंबे समय से एक बड़ी समस्या बनी हुई है। बेहतर रोजगार की तलाश में बहुत से लोग अपने गांव छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। इसी चुनौती को देखते हुए ‘प्रोजेक्ट गंगा’ को एक समाधान के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि गांवों में ही ऐसे अवसर तैयार किए जाएं, जहां लोग अपने ही क्षेत्र में रहकर रोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू कर सकें।
इस योजना के तहत डिजिटल सेवा प्रदाता बनने वाले युवाओं को जरूरी तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे इंटरनेट सेवाओं के संचालन और प्रबंधन को अच्छे से समझ सकें और उसे प्रभावी तरीके से चला सकें।
डिजिटल यूपी की दिशा में बड़ा कदम
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर ‘प्रोजेक्ट गंगा’ अपने लक्ष्य में सफल रहता है, तो यह सिर्फ इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण भारत में डिजिटल बदलाव की एक मजबूत शुरुआत बन सकता है। बेहतर इंटरनेट सुविधा से गांवों में ऑनलाइन पढ़ाई, टेलीमेडिसिन, डिजिटल लेन-देन, ई-कॉमर्स और सरकारी सेवाओं की उपलब्धता में काफी सुधार आने की उम्मीद है।
आसान शब्दों में कहें तो यह योजना गांव और शहर के बीच मौजूद डिजिटल खाई को कम करने में अहम भूमिका निभा सकती है और ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से ज्यादा सक्षम बना सकती है।