Barabanki Bus Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर दिल्ली से बिहार जा रही डेबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें 12 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करावाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। बता दें कि बस में करीब 70 यात्री सवार थे।
कई घंटों के बाद यातायात हुआ बहाल
दरअसल, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जो दिल्ली से मधुबनी (बिहार) जा रहे थे। बस के पलटते ही कई यात्री उसके नीचे फंस गए और कई दूर जा गिरे। जिससे सड़क पर चीख पुकार मच गई।
वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया। इसके बाद पुलिस ने बीच सड़क से क्रेन की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद बस को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
घायलों में ये लोग हैं शामिल
घायलों में दयानंद पासवान, रूपा देवी, ईशा कुमारी, आरव कुमार, मयंक कुमार, शत्रुघ्न पासवान, निशा चौधरी, अशोक कुमार, गुड़िया देवी, लकी कुमार, रोशन कुमार, संतोष ठाकुर, बिमला देवी और लुखिया देवी शामिल हैं।
जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किए गए घायलों में निशा चौधरी, रोशन कुमार, संतोष ठाकुर और लुखिया देवी की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
हैदरगढ़ उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा और कोतवाल अभिमन्यु मल्य ने CHC में जाकर सभी घायलों का हाल जाना। इस दौरान अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और बस ड्राइवर की लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।