इंग्लैंड में हो सकते है IPL के बचे हुए मैच! ECB ने BCCI से की ये खास पेशकश

IPL Matches 2025: 6 मई को हो रहे पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच वेन्यू धर्मशाला से 100 किलोमीटर से भी कम दूरी पर हवाई हमले के बाद उस मैच को रोक दिया गया।

अपडेटेड May 10, 2025 पर 5:34 PM
Story continues below Advertisement
ECB ने IPL की मेजबानी की पेशकश की है

IPL 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव की वजह से IPL 2025 को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। इसकी घोषणा BCCI ने बीते 9 मई को की। इस घोषणा के बाद इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड को अपना समर्थन दिया है। खिलाड़ियों के अपने देश लौटने और इस IPL सीजन के भविष्य के बारे में अनिश्चितता के बीच ECB ने IPL की मेजबानी की पेशकश की है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि अगर बीसीसीआई IPL को कही दूसरी जगह स्थानांतरित करने का फैसला करता है, तो वे बाकी बचे मैचों की मेजबानी करना चाहेंगे। ECB के सीईओ रिचर्ड गोल्ड ने शुक्रवार को कहा कि, यदि आवश्यक होगा तो इंग्लैंड IPL की मेजबानी करने के लिए तैयार रहेगा।

पहले भी विदेशों में आयोजित किया जा चुका है IPL

IPL का आयोजन कई बार विदेश में भी हो चुका है। देश में आम चुनावों के साथ टकराव से बचने के लिए, साल 2009 में IPL दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया था और 2020 और 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान संयुक्त अरब अमीरात में स्थानांतरित कर दिया गया था। जून में भारतीय टीम के पांच टेस्ट के दौरे के लिए पहले से ही इंग्लैंड जाने वाली है। IPL के शेड्यूल में बदलाव इस सीरीज को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा 11 से 15 जून के बीच दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए इंग्लैंड में रहेंगे। इस बाबत ECB की ये पेशकश काफी माकूल दिखाई पड़ती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार की सुबह IPL के आधिकारिक स्थगन की घोषणा से पहले ही, आईपीएल में खेलने वाले दस इंग्लिश खिलाड़ियों में से जैकब बेथेल, जोफ्रा आर्चर, मोइन अली और जोस बटलर ने गुरुवार रात को इंग्लैंड के लिए टिकट करा लिया था। कुछ खिलाड़ी दुबई गए है।

धर्मशाला में हमले की आशंका से बीच में ही रोक दिया गया था मैच

हालिया दिनों में भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर सैन्य टकराव देखने को मिला है। 6 मई को हो रहे पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच वेन्यू धर्मशाला से 100 किलोमीटर से भी कम दूरी पर हवाई हमले के बाद उस मैच को रोक दिया गया। इसके बाद बीते दिन आईपीएल को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। BCCI ने घोषणा की कि, 'संबंधित अधिकारियों और हितधारकों से सलाह के बाद एक नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।'


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।