Eid 2025: रमजान का पाक महीना अब पूरा होने को है और अब रोजेदारों की निगाहें चांद पर टिकी हुईं हैं। ईद का चांद नजर आते ही मुसलमानों का सबसे बड़ा त्योहार ईद मनाई जाती है ईद कब मनाई जाएगी, ये पूरी तरह चांद के दिखने से तय होगा। हांलाकि मुस्लिम घरों में ईद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश से ईदी की छुट्टी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस बार ईद उल फितर पर भी बिजली विभाग के कर्मचारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी। 30 और 31 मार्च को सभी बिजली कार्यालय खुले रहेंगे।
इस बार ईद पर आना होगा ऑफिस
दरअसल, 30 मार्च को रविवार और 31 मार्च को ईद का सार्वजनिक अवकाश है, लेकिन वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने इन दिनों दफ्तर चालू रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने शुक्रवार को शक्ति भवन में बैठक कर यह फैसला लिया।
यूपी में इन कर्मचारियों के लिए आई बड़ी खबर
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने 30 और 31 मार्च को भी बिजली विभाग के दफ्तर खुले रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रबंध निदेशक यह सुनिश्चित करें कि सभी कैश काउंटर और उपभोक्ता सेवाएं सामान्य दिनों की तरह चलती रहें ताकि राजस्व संग्रह और उपभोक्ताओं की सेवाएं बाधित न हों। गर्मी के मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक बिजली की व्यवस्था पहले से कर ली जाए और अगर शॉर्ट टर्म या लॉन्ग टर्म में बिजली खरीदने की जरूरत हो, तो उसकी तैयारी रखी जाए।