Cuttack Explosion: ओडिशा के कटक से गुरुवार शाम को एक दिल दहला वाली घटना सामने आई है। जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के महाजनपुर में एक घर में हुए भीषण विस्फोट के कारण दो महिलाओं और एक चार वर्षीय बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गंभीर रूप से झुलसने की वजह से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट शाम करीब 6.15 बजे हुआ, जब सुधांशुबाला नायक (34) और उनकी सास प्रभाती नायक (60) कथित तौर पर घर के पटाखों का सामान संभाल रही थीं। विस्फोट के समय सुधांशुबाला की नाबालिग बेटी भी उसी कमरे में मौजूद थी।
अचानक हुए विस्फोट से भीषण आग लग गई, जिसके चलते एस्बेस्टस की छत गिर गई और तीनों अंदर फंस गए और बुरी तरह झुलस भी गए।
खबरों के मुताबिक, गोविंदा नायक ने अपने घर में कुछ पटाखे रखे हुए थे। अचानक पटाखे फट गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। जोरदार धमाके के बाद दो कमरे पूरी तरह जलकर खाक हो गए और गोविंदा के परिवार की तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
पड़ोसियों ने दी दमकल कर्मियों को सूचना
धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि घायलों को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने धमाके के सटीक कारण का पता लगाने और यह सत्यापित करने के लिए जांच शुरू कर दी है कि क्या घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए या रखे जा रहे थे।