हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में रविवार को 28 वर्षीय कारोबारी राहुल ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। वीडियो में राहुल ने अपनी पत्नी ज्योति, सास वीणा, ससुर बिट्टू और साली नीतू का नाम लेते हुए कहा कि वे उसे लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
राहुल ने वीडियो में किया ये दावा
राहुल ने अपने वीडियो में दावा किया कि वह घर के सभी काम करता था। उसने कहा कि वह झाड़ू-पोछा लगाने से लेकर बर्तन धोने तक हर काम करता था, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी और उस पर झूठे मामले दर्ज कराए गए। राहुल का कहना था कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रहा था। वीडियो में राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मौत के लिए उसकी पत्नी और ससुराल वाले जिम्मेदार हैं। उसने कहा कि उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। राहुल ने अपनी आखिरी इच्छा भी बताई और कहा कि उसकी मौत के बाद उसकी पूरी संपत्ति उसकी मां, बहन और भाइयों को दी जाए।
पुलिस मामले की कर रही है जांच
बता दें कि, राहुल फरीदाबाद की सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह वह पहले अपनी मां से मिला और फिर अपनी कपड़ों की दुकान पर चला गया। कुछ समय बाद उसने दुकान के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
राहुल के परिजन अमित का आरोप है कि राहुल अपनी पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से लंबे समय से मानसिक तनाव में था। उनका कहना है कि उसकी पत्नी ने राहुल के खिलाफ एक मामला भी दर्ज कराया था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई थी। परिवार का यह भी आरोप है कि राहुल को अपने माता-पिता से मिलने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।