दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुए बड़े प्रदर्शन के बाद हाल ही में सोशल मीडिया पर बने संगठन Cockroach Janata Party (CJP) के खिलाफ कथित राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संगठन को विदेश से फंडिंग मिल रही है। यह आरोप उस समय सामने आया, जब अभिजीत दिपके अमेरिका से लौटने के बाद NEET-UG 2026 पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित किया।
शनिवार को हजारों की संख्या में लोग पोस्टर और बैनर लेकर जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छत्राएं, साथ ही युवा पेशेवर शामिल हुए। यह प्रदर्शन CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके की अगुवाई में किया गया। संगठन ने इसके लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति भी ली थी।
प्रदर्शन से पहले दिपके ने अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों का फूल देकर स्वागत किया जाए।
फिलहाल शिकायत के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जबकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका मकसद छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करना है।
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शनिवार को सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। वांगचुक ने पहले कहा था कि अगर 5 जून तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आंदोलन का हिस्सा बनेंगे।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली की सीमाओं और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर 1,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रदर्शन आयोजित करने वाले Cockroach Janata Party (CJP) ने भी अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने और किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है।
कैब बुकिंग और सोशल मीडिया पर नजर
प्रशासन जंतर-मंतर की ओर जाने वाली कैब बुकिंग पर भी नजर रख रहा है। Ola और Uber जैसी सेवाओं के जरिए असामान्य संख्या में बुकिंग होने की संभावना पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Cockroach Janata Party की शुरुआत पिछले महीने एक अदालत की सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणियों के विरोध में व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी। इसके बाद संगठन ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल की और दावा किया जा रहा है कि उसके 2.2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे राजनीतिक कार्यकर्ता अभिजीत डिपके ने इस अभियान की शुरुआत युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए की थी। संगठन ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों और युवाओं को प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया और NEET तथा OSM विवाद को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।