Noida Fire: बुधवार (15 जुलाई) को नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी चार्ज करते समय अचानक लगी आग से दो लोगों की मौत हो गई। बता दें कि यह घटना फेज-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। पुलिस के शुरुआती जांच के मुताबिक, चार्जिंग के दौरान बैटरी में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकली और ग्राउंड फ्लोर पर खड़े अन्य वाहनों में आग लग गई।
आग की लपटे इतनी तेज थी की देखते ही देखते आग पूरे भवन में फैल गई। जिसके बाद घना धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। यह G+4 (चार मंजिला) इमारत पेइंग गेस्ट (PG) के रूप में इस्तेमाल हो रही थी, जहां करीब 50 परिवार रह रहे थे।
मौके पर पहुंची फायर विभाग
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर, फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। फायरफाइटर्स ने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पा लिया।
आग बुझाने और लोगों को बाहर निकालने के लिए सात फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और बचाव वाहन तैनात किए गए थे। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, फायरफाइटर्स ने सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया और बाद में आग पर भी काबू पा लिया।
गौतम बुद्ध नगर पुलिस के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि बिल्डिंग में पार्किंग ग्राउंड फ्लोर पर थी, बेसमेंट में नहीं। पार्किंग एरिया से निकला धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोग प्रभावित हुए।
नारायण ने कहा, "फेज-3 पुलिस स्टेशन इलाके के मामूरा गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। जिसके बाद लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, धुआं अंदर जाने की वजह से दो लोगों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि दोनों पीड़ितों की मौत चोटों के कारण हो गई।
नारायण ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग तब लगी जब एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी।
उन्होंने कहा, "शुरुआती जांच के मुताबिक, आग तब लगी जब एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी। माना जा रहा है कि एक चिंगारी से आग लगी, जो बाद में पास खड़ी पेट्रोल गाड़ियों तक फैल गई, जिससे यह घटना हुई। इस मामले में, फेज-3 पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा रही है। बिल्डिंग के मालिक और लीजहोल्डर, दोनों को हिरासत में ले लिया गया है।"
उन्होंने बताया कि बिल्डिंग की हर मंज़िल पर लगभग पांच परिवार रहते थे और हर मंजिल पर करीब 12 दो-कमरों वाले फ्लैट थे। रेस्क्यू टीम ने सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालने तक बचाव अभियान जारी रखा।
जॉइंट कमिश्नर ने कहा कि फेज-3 पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और बिल्डिंग के मालिक तथा लीज-होल्डर को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हादसे में किसी तरह की लापरवाही या फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन हुआ था।
सीएम योगी ने आधिकारियों को दिए निर्देश
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आग लगने की घटना का संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने, स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।