यूपी की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इंस्टीट्यूट में भीषण आग लग गई है। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है, मृतकों में ज्यादातर छात्र हैं। वहीं कई स्टूडेंट्स घायल बताए जा रहे हैं। वहीं एक छात्र ने पहली मंजिल से कूद कर अपनी जान बचाई। कूदने से कई बच्चे घायल हो गए हैं। फिलहाल कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। आग लगते ही इमारत में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भयावह से सारा मंजर...चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल
लखनऊ में आग लगने की घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शी अमन ने बताया कि इमारत में एक लाइब्रेरी और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र संचालित होता है। उन्होंने कहा कि जब वे मौके पर पहुंचे तो इमारत से तेज धुआं निकल रहा था। अमन के अनुसार, उन्होंने और अन्य लोगों ने मिलकर 5 से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के दौरान एक व्यक्ति जान बचाने के लिए इमारत से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि आशंका है कि अभी भी कुछ लोग इमारत के अंदर फंसे हुए हैं। वहीं अमन ने आगे बताया कि, इमारत में लगी आग अतनी भयानक थी कि अंदर फंसे लोगों का बचना काफी मुश्किल ही लग रहा है।
आग से बचने के लिए पहली मंजिल से कूदे छात्र
आग लगने के बाद इमारत में तेजी से धुआं भर गया और लपटें फैलने लगीं। जान बचाने के लिए कई छात्रों को पहली मंजिल से नीचे कूदना पड़ा। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। बाहर मौजूद लोग अंदर फंसे छात्रों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के लिए आवाज लगा रहे थे, जबकि दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सात से आठ छात्र इमारत से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य छात्र भी अंदर फंसे हो सकते हैं।
इलाके के एक निवासी ने बताया कि आग लगने की वजह किसी चिंगारी या शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी जान बचाने के लिए कई छात्रों ने इमारत से छलांग लगाई। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि घटना के समय 20 से 25 छात्र इमारत के अंदर मौजूद हो सकते थे।