Ghaziabad Tanishq Robbery: पहले दी पार्टी, फिर तनिष्क स्टोर में कर्मचारी ने की 4 करोड़ से ज्यादा की चोरी, 3 गिरफ्तार

Ghaziabad Tanishq Robbery: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र में 12 तारीख को तनिष्क शोरूम में हुई 4 करोड़ से ज्यादा जेवर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 1:18 PM
गाजियाबाद में 4 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

Ghaziabad Tanishq Robbery: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र में 12 तारीख को तनिष्क शोरूम में हुई 4 करोड़ से ज्यादा जेवर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस केस में शोरूम में काम करने वाले एक 23 साल के कर्मी, उसकी गर्लफ्रेंड और उसके पिता को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 2 किलो चोरी का सोना, नकदी और एक अवैध हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी शादी के लिए पैसों का इंतजाम करने के मकसद से चोरी की योजना बनाई थी। उन्होंने एक साथी कर्मचारी से शोरूम की चाबियां चुराईं और सिर्फ 25 मिनट में वारदात को अंजाम दिया।

आरोपियों की पहचान हुई


आरोपियों की पहचान नितिन वर्मा (23) - जो राज नगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में काम करता था - उसकी गर्लफ्रेंड काजल वर्मा (22) और उसके पिता संजय वर्मा (52) के तौर पर हुई है।

बता दें कि यह चोरी 12 जून को हुई थी। TOI की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि नितिन शोरूम में सिर्फ डेढ़ महीने पहले ही काम पर लगा था, लेकिन इतने कम समय में ही उसने स्टोर के कामकाज और सबसे कीमती गहने कहां रखे जाते हैं, इसकी जानकारी हासिल कर ली थी।

चोरी से एक दिन पहले आरोपी ने रखी थी पार्टी

वहीं, चोरी से एक दिन पहले नितिन ने अपने साथियों के लिए एक पार्टी रखी थी। पार्टी के दौरान, उसने उन्हें बताया कि काजल के साथ उसकी शादी तय हो गई है और इस खुशी में उसने सभी को दावत दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं का कहना है कि उसने कथित तौर पर कैशियर गौतम राज को - जिसके पास शोरूम की चाबियां थीं - ज्यादा शराब पीने के लिए उकसाया। जब कैशियर ज्यादा नशे में हो गया तो नितिन ने उसे घर छोड़ने की पेशकश की। जिसके बाद उसने रास्ते में, गौतम राज को  पता चले बिना उसके बैग से मुख्य दरवाजे की चाबी निकाल ली।

CCTV में चोरी की घटना कैद

अगली सुबह, लगभग 7 बजे, नितिन एक और साथी के साथ शोरूम लौटा। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में दोनों को चोरी की चाबी से शटर खोलते और बिना किसी शक के बिल्डिंग के अंदर जाते हुए देखा गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शोरूम के लेआउट की पूरी जानकारी थी। उन्होंने पूरी इमारत की तलाशी लेने के बजाय सीधे पहली मंजिल पर गए, जहां सोने, हीरे और रत्नजड़ित आभूषण रखे थे। उन्होंने ग्राउंड फ्लोर, दूसरी और तीसरी मंजिल को पूरी तरह नजरअंदाज किया और सिर्फ उसी हिस्से पर ध्यान दिया जहां सबसे कीमती गहने रखे थे।

चोरी करने में सिर्फ 25 मिनट लगे

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) धवल जायसवाल ने बताया, जैसा कि TOI की रिपोर्ट में उल्लेख है, कि पूरी वारदात को अंजाम देने में सिर्फ 25 मिनट का समय लगा।

उनके मुताबिक, एक साथी शोरूम के बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि नितिन और एक अन्य साथी ने 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी इकट्ठा की और भाग गए। जायसवाल ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को शोरूम से दूर पार्क किया गया था ताकि किसी का ध्यान न जाए।

शोरूम में मिली सुरक्षा खामियां

वहीं, जांच के दौरान शोरूम की सुरक्षा में बड़ी खामियां मिली। पुलिस ने बताया कि 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी होने के बावजूद स्टोर में कोई अलार्म सिस्टम नहीं था। इसके अलावा, रात में सिर्फ एक सिक्योरिटी गार्ड तैनात था, जो सुबह करीब 7 बजे वहां से चला गया था। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि कंपनी के हेड ऑफिस से CCTV कैमरों की निगरानी की जा रही थी, लेकिन जब घुसपैठिए शोरूम के अंदर थे, तो किसी का ध्यान उन पर नहीं गया।

ACP ने दी जानकारी

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) सूर्यबली मौर्य के अनुसार, नितिन और काजल ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी, जबकि संजय वर्मा को चोरी के गहने बेचने में मदद के लिए शामिल किया गया था।वहीं, पुलिस ने बताया कि आरोपी बाजार में कम कीमत पर गहने बेच रहे थे और दावा कर रहे थे कि उन्हें इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है।

जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 2 किलो चोरी के सोने के गहने (जिनकी कीमत करीब 3.1 करोड़ रुपये है) और 6.5 लाख रुपये नकद बरामद किए। हालांकि, चोरी के कुछ गहने पहले ही बेचे जा चुके थे और बाकी साथी अभी भी फरार हैं।

तीनों के खिलाफ मामला दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी, आपराधिक साजिश और समान इरादे से जुड़ी धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और बाकी चोरी के गहने बरामद करने की कोशिशें जारी हैं।

यह भी पढ़ें: Telegram Ban Row: टेलीग्राम ने ब्लॉक को हाई कोर्ट में दी चुनौती, NEET पेपर लीक के कारण भारत में बैन है मैसेजिंग ऐप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।