Bullet Train Project Latest Update: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को बताया कि देश की पहली हाई-स्पीड रेल सेवा 2027 की अंतिम तिमाही में शुरू हो जाएगी और इसका पहला सेक्शन सूरत से वापी के बीच शुरू होगा। उन्होंने सबस्टैक पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि मुंबई तक का पूरा कॉरिडोर चरणबद्ध रूप से चालू किया जाएगा।
निर्माण कार्य की क्या है मौजूदा स्थिति?
निर्माण की गति पर बात करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि सितंबर तक 456 किलोमीटर पियर का काम और 371 किलोमीटर वायाडक्ट का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने लिखा कि 299 किलोमीटर के हिस्से में 6 लाख नॉइज बैरियर लगाए जा चुके हैं और 206 किलोमीटर वायाडक्ट पर 9,300 OHE मास्ट खड़े किए जा चुके हैं।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि चार पहाड़ी सुरंगों की खुदाई हो चुकी है और माउंटेन टनलिंग पद्धति से 21 किलोमीटर लंबी महाराष्ट्र सुरंग का 5 किलोमीटर हिस्सा खोदा जा चुका है। उनके मुताबिक, आठ स्टेशनों का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और आर्किटेक्चरल फिनिशिंग का काम जारी है। साबरमती, सूरत और ठाणे के तीनों रोलिंग स्टॉक डिपो पर भी काम तेजी से चल रहा है।
ठाणे क्रीक के नीचे देश की पहली अंडरसी रेल टनल
अंडरसी टनल के निर्माण पर जानकारी देते हुए वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में यह कॉरिडोर 21 किलोमीटर लंबी सुरंग से होकर गुजरता है, जिसका 7 किलोमीटर हिस्सा समुद्र के नीचे, ठाणे क्रीक के पार जाता है। यह भारत की पहली अंडरसी रेल सुरंग होगी।
उन्होंने बताया, 'जुलाई 2026 में विक्रोली और सावली से दो टनल बोरिंग मशीनें लॉन्च की गईं। ये भारत में अब तक तैनात की गई सबसे बड़ी मशीनों में से हैं'। वैष्णव ने आगे कहा, प्रत्येक मशीन के कटरहेड का व्यास 13.6 मीटर है, जो 4 मंजिला इमारत जितनी ऊंची है। प्रत्येक मशीन का वजन 3,000 टन से अधिक है, जो लगभग 500 एशियाई हाथियों के बराबर है। यह मशीन 96 मीटर लंबी है, यानी एक के बाद एक रखी गई लगभग पांच क्रिकेट पिचों के बराबर!
स्वदेशी बुलेट ट्रेन और इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण
देश की पहली बुलेट ट्रेनों के निर्माण पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, 'ICF और BEML स्वदेशी B28 ट्रेनसेट बना रहे हैं, जिसे 280 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है। पहला बॉडी फ्रेम तैयार है और इसकी स्ट्रक्चरल टेस्टिंग चल रही है। 2027 के मध्य तक ट्रैक ट्रायल होने की उम्मीद है। अगला कदम 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन की गई तेज B35 ट्रेन है।'
उन्होंने बताया कि फिक्स्ड इंफ्रास्ट्रक्चर का भी स्वदेशीकरण किया जा रहा है। हाई-स्पीड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम के सभी प्रमुख ट्रांसफॉर्मर, मास्ट पर क्रॉस आर्म, ग्राउंड, प्रोटेक्शन और फीडर वायर सब कुछ भारत में ही बनाए जा रहे हैं।
देरी पर रेल मंत्री ने क्या दी सफाई?
2017 में पहली बार इसकी घोषणा के बाद से लगभग एक दशक की देरी पर बात करते हुए वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में यह प्रोजेक्ट लगभग ढाई साल तक शुरू नहीं हो सका, क्योंकि राज्य की अनुमतियां और भूमि अधिग्रहण लंबित थे। उन्होंने कहा, 'इसके बाद कोविड ने दो साल और ले लिए। 2021 में पूरी गंभीरता के साथ निर्माण कार्य शुरू हुआ।'
वैष्णव ने आगे कहा, 'इसलिए जब आलोचक पूछते हैं कि 'बुलेट ट्रेन कहां है', तो इसका ईमानदार जवाब यह है कि गंभीर निर्माण कार्य को सिर्फ पांच साल हुए हैं और देखिए कि इन पांच सालों में क्या-क्या तैयार हो चुका है'।