Rising Bharat Summit: मिलेनियल्स के बाद अब Gen Z सिखाएंगे कांग्रेस को सबक, 'राइजिंग भारत समिट' में पीएम मोदी का प्रहार

PM Narendra Modi: पीएम मोदी ने कांग्रेस को 'विरोध का टूलकिट' बताते हुए कहा कि यह पार्टी रचनात्मक विकल्प देने के बजाय हर सकारात्मक बदलाव का अंधा विरोध करती है। प्रधानमंत्री ने गिनाया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 हटाने, ट्रिपल तलाक खत्म करने, UPI, स्वच्छ भारत अभियान और कोरोना वैक्सीन जैसे हर उस कदम का विरोध किया जिसने देश को मजबूती दी

अपडेटेड Feb 27, 2026 पर 10:15 PM
Story continues below Advertisement
प्रधानमंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 1984 के बाद से कांग्रेस का वोट शेयर लगातार गिर रहा है

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'राइजिंग भारत समिट 2026' के मंच से कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला है। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे देश में युवाओं की आबादी बढ़ रही है, कांग्रेस का जनाधार सिमटता जा रहा है। उनके अनुसार, पहले 'मिलेनियल्स' (1981-1996 के बीच जन्मे) ने कांग्रेस को नकारा और अब 'Gen Z' यानी 1997 के बाद जन्मे युवा उन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 1984 के बाद से कांग्रेस का वोट शेयर लगातार गिर रहा है और आज स्थिति यह है कि देश के केवल चार राज्यों में कांग्रेस के पास 50 से अधिक विधायक बचे हैं।

'एक परिवार की सेवा करने वाला क्लब'

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उसे लोकतांत्रिक पार्टी के बजाय एक 'पारिवारिक क्लब' करार दिया। पीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में हर उपलब्धि का श्रेय केवल 'एक परिवार' को दिया जाता है, लेकिन जब अपनी विफलताओं और गलतियों को छिपाने की बारी आती है, तो ये लोग महात्मा गांधी का नाम आगे कर देते हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से कांग्रेस के प्रति जनता का जो आक्रोश पनप रहा था, वह अब युवाओं के बीच स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।


'विरोध का टूलकिट' है कांग्रेस: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कांग्रेस को 'विरोध का टूलकिट' बताते हुए कहा कि यह पार्टी रचनात्मक विकल्प देने के बजाय हर सकारात्मक बदलाव का अंधा विरोध करती है। प्रधानमंत्री ने गिनाया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 370 हटाने, ट्रिपल तलाक खत्म करने, UPI, स्वच्छ भारत अभियान और कोरोना वैक्सीन जैसे हर उस कदम का विरोध किया जिसने देश को मजबूती दी। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस ने नए संसद भवन के ऊपर 'अशोक स्तंभ' की स्थापना, कर्तव्य पथ के निर्माण और यहां तक कि सर्जिकल स्ट्राइक व 'ऑपरेशन सिंदूर' जैसी सैन्य कार्रवाइयों पर भी सवाल उठाए।

AI समिट विवाद और 'अंधी आलोचना'

हाल ही में 'AI समिट' के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन पर पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि खराब करने की कोशिश की। पीएम के अनुसार, एआई समिट भारत के लिए गौरव का क्षण था, लेकिन कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री ने नसीहत दी कि लोकतंत्र में विपक्ष का मतलब 'अंधी आलोचना' नहीं होता, बल्कि एक वैकल्पिक विजन देना होता है, जिसे देने में कांग्रेस पूरी तरह विफल रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।