Bengaluru Airport Gold Smuggling: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक अभियान के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लगभग 5 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने सोने को कैप्सूल और पेस्ट के रूप में छिपाकर रखा था और पकड़े जाने से बचने के लिए इसे अपने प्राइवेट पार्ट में छुपाया था।
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कथित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। ये गिरफ्तारियां 6 और 7 अप्रैल को चलाए गए एक सुनियोजित निगरानी अभियान के परिणामस्वरूप हुईं, जिसे केंद्रीय एजेंसी ने "सुनियोजित निगरानी अभियान" बताया।
DRI ने एक नोट में बताया कि पांचों आरोपियों से लगभग 3.356 किलोग्राम उच्च शुद्धता वाला सोना बरामद किया गया है। इसमें आगे बताया गया है कि सोने को कैप्सूल के आकार के पैकेटों में पेस्ट के रूप में छिपाकर रखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करों को "सटीक और पक्की जानकारी" जानकारी के आधार पर पकड़ा गया। एजेंसी ने बताया कि आरोपियों को एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि ये लोग "आधुनिक तस्करी नेटवर्क" का हिस्सा थे, जिसमें बांग्लादेशी नागरिक और "स्थानीय मददगार" शामिल थे।
DRI ने एक प्रेस नोट में कहा, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह नेटवर्क एक बड़े सीमा पार तस्करी गिरोह का हिस्सा है, जिसमें विदेशी लोग - जिन पर बांग्लादेशी नागरिक होने का संदेह है - भारत में मौजूद लोगों के साथ मिलकर काम कर रहे थे।"
‘बेहद संगठित तस्करी का तरीका’
एजेंसी के अनुसार, जांच में पता चला कि यह तस्करी गिरोह बहुत ही “संगठित और गुप्त तरीके” से काम करता था। विदेश से आने वाले लोग जानबूझकर बेंगलुरु के रास्ते यात्रा करते थे और लंबा रुकने का समय चुनते थे, ताकि एयरपोर्ट के अंदर ही चोरी-छिपे सामान का आदान-प्रदान कर सकें।
DRI ने अपने बयान में कहा, "सोने को शरीर पर छिपाकर रखा जाता था और पहले से तय पासकोड के जरिए एयरपोर्ट के संवेदनशील क्षेत्रों, जैसे वॉशरूम और स्मोकिंग जोन में एक-दूसरे को दिया जाता था, जिससे कस्टम जांच से बचा जा सके।"
एजेंसी ने आगे बताया कि गिरोह ने "एयरपोर्ट सिस्टम" के अंदर भी अपनी पहुंच बना ली थी। जांच में यह भी सामने आया कि एयरपोर्ट का एक अंदरूनी व्यक्ति (स्टाफ) इसमें शामिल था, जो अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल कर प्रतिबंधित इलाकों में जाकर सोना लेता था और उसे बाहर निकालने में मदद करता था।
प्रेस नोट में आगे कहा गया है, "पूरा ऑपरेशन गुप्त तरीके से चलाया जा रहा था, जिसमें एन्क्रिप्टेड (सुरक्षित) मैसेज, कोड वर्ड और अपने-आप डिलीट होने वाले चैट का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि कानून एजेंसियों से बचा जा सके।"
नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश जारी
अधिकारियों ने बताया कि सरगनाओं की पहचान करने और पूरे तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है। DRI ने कहा कि इस कार्रवाई से यह साफ होता है कि तस्करी के तरीके अब और ज्यादा चालाक और आधुनिक हो गए हैं। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय तस्करों और स्थानीय मददगारों के बीच मजबूत गठजोड़ भी सामने आया है।