Amazon vs Flipkart Bank Discounts: अमेजन फेस्टिवल सेल और फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डेज की शुरुआत होने वाली है। दोनों ही ई-कॉमर्स कंपनियां 10% बैंक डिस्काउंट का बढ़-चढ़कर प्रचार कर रही हैं। हालांकि, स्क्रीन पर दिखने वाला 10% का डिस्काउंट हर बार आपकी जेब में सीधा 10% का फायदा नहीं लाता। शॉपिंग कार्ट में असली बचत कितनी होगी, यह बैंक कार्ड की शर्तों, मैक्सिमम डिस्काउंट कैप और मिनिमम ऑर्डर वैल्यू (MOV) पर निर्भर करता है।
फेस्टिवल सीजन में सही बचत रणनीति पर बात करते हुए GyFTR के सीईओ और को-फाउंडर अरविंद प्रभाकर ने बताया कि, 'अमेजन और फ्लिपकार्ट दोनों ही सेल में 10% डिस्काउंट का विज्ञापन करती हैं, लेकिन आपकी असली बचत मैक्सिमम डिस्काउंट की सीमा, मिनिमम ऑर्डर वैल्यू और आपके पास संबंधित बैंक के कार्ड होने पर निर्भर करती है। खरीदारों को अपनी कार्ट वैल्यू पर रुपए में बचत का हिसाब खुद लगाना चाहिए और पहले से मौजूद रिवॉर्ड पॉइंट्स व वॉचर्स को भी जोड़ना चाहिए।
इसके अलावा तुरंत मिलने वाले डिस्काउंट और बाद में आने वाले कैशबैक के अंतर को समझना जरूरी है। साथ ही यह भी जांच लें कि डिस्काउंट कैप प्रति ट्रांजैक्शन है या पूरे सेल के दौरान कार्ड पर एक ही बार मिलेगा, क्या ईएमआई पर छूट लागू है और गिफ्ट कार्ड या वॉलेट बैलेंस का इस्तेमाल करने पर मिनिमम ऑर्डर वैल्यू की शर्त पूरी होती है या नहीं।'
अमेजन बनाम फ्लिपकार्ट: किस बैंक के कार्ड पर मिलेगा डिस्काउंट?
दोनों ही दिग्गज प्लेटफॉर्म्स ने अलग-अलग बैंकों के साथ एक्सक्लूसिव पार्टनरशिप की है, इसलिए आपके वॉलेट में मौजूद कार्ड ही तय करेगा कि आपको कहां ज्यादा फायदा मिलेगा।
अमेजन ग्रेट इंडियन फेस्टिवल: अमेजन पर SBI क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड EMI ट्रांजैक्शन पर 10% इंस्टेंट डिस्काउंट मिलेगा।
फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डेज: फ्लिपकार्ट पर Axis Bank और ICICI Bank ऑफिशियल बैंकिंग पार्टनर हैं। यहां मिलने वाला 10% तक का डिस्काउंट प्रोडक्ट कैटेगरी, कार्ड टाइप और मिनिमम ट्रांजैक्शन वैल्यू पर निर्भर करेगा।
को-ब्रांडेड कार्ड्स और पार्टनर बैंक ऑफर्स का अंतर समझना जरूरी
स्मार्ट शॉपिंग के लिए साधारण बैंक ऑफर्स और को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स (जैसे- Amazon Pay ICICI या Flipkart Axis Bank Card) के गणित को समझना बेहद जरूरी है:
अमेजन पे ICICI कार्ड: प्राइम मेंबर्स को इस पर 5% और नॉन-प्राइम मेंबर्स को 3% अनलिमिटेड कैशबैक मिलता है। यह पैसा चेकआउट के समय कम नहीं होता, बल्कि डिलीवरी के बाद अमेजन पे बैलेंस में क्रेडिट होता है। जब SBI कार्ड की मैक्सिमम डिस्काउंट सीमा खत्म हो जाए या ऑर्डर वैल्यू बहुत कम हो, तब यह कार्ड SBI ऑफर से भी ज्यादा बचत कराता है।
फ्लिपकार्ट एक्सिस कार्ड: इस कार्ड पर मिलने वाला 'अनलिमिटेड कैशबैक' इसके रेगुलर रिवॉर्ड प्रोग्राम का हिस्सा है, इसे सेल का अनलिमिटेड इंस्टेंट डिस्काउंट समझने की भूल न करें।
हर कार्ड पर नहीं मिलता ऑफर: पार्टनर बैंक का कार्ड होने के बावजूद हर वेरिएंट पर डिस्काउंट लागू नहीं होता। उदाहरण के लिए, SBI के Cashback Card, Paytm SBI Card और कॉर्पोरेट क्रेडिट कार्ड्स को आमतौर पर सेल ऑफर्स से बाहर रखा जाता है। इसलिए पेमेंट करने से पहले अपने कार्ड की पात्रता चेक करना न भूलें।