जबरन घर में घुसा, प्राइवेट पार्ट दिखाए, कौन है महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाला डिलीवरी एजेंट?

महिला की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट उनके घर एक पार्सल देने आया था। पार्सल देने के बाद उसने टॉयलेट इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद वह जबरदस्ती घर के अंदर घुस गया

अपडेटेड Jul 12, 2026 पर 5:44 PM
बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी एजेंट को महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

बेंगलुरु में फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी एजेंट को महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है। महिला ने बताया कि डिलीवरी एजेंट पार्सल देने उसके घर आया था। बता दें कि, महिला ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया है कि फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी एजेंट जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला का कहना है कि आरोपी ने उन्हें अपने प्राइवेट पार्ट दिखाए।

पुलिस ने लिया ये एक्शन 

महिला की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट उनके घर एक पार्सल देने आया था। पार्सल देने के बाद उसने टॉयलेट इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद वह जबरदस्ती घर के अंदर घुस गया। महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर निकलते समय उसने अश्लील हरकत करते हुए उन्हें अपने निजी अंग दिखाए।


महिला ने बताई हैरान कर देने वाली कहानी 

महिला ने अपनी पोस्ट में बताया, "मैंने कई बार मना किया और साफ कहा कि मैं किसी अजनबी को अपने फ्लैट के अंदर आने की अनुमति नहीं देती। मैंने उसे यह भी कहा कि अगर बहुत जरूरी है, तो वह आसपास रहने वाले किसी पुरुष पड़ोसी से मदद मांग सकता है। लेकिन बार-बार मना करने के बावजूद उसने अपनी चप्पल उतारी और मेरी इजाजत के बिना जबरन घर के अंदर घुस गया।"

महिला ने आगे आरोप लगाया, "जब वह वॉशरूम से बाहर आया, तो उसने मेरे सामने अश्लील हरकत करते हुए अपने निजी अंग दिखाए। उस समय मैं बेहद घबरा गई। मुझे अपमानित और असुरक्षित महसूस हुआ। एक महिला के 'नहीं' कहने के बाद वहीं बात खत्म हो जानी चाहिए थी। किसी भी व्यक्ति को किसी महिला की इच्छा के खिलाफ उसके घर में घुसने या उसकी निजी सीमा का उल्लंघन करने का अधिकार नहीं है।"

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

महिला की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और उनसे संपर्क कर पूरी जानकारी मांगी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद फ्लिपकार्ट ने भी बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही आरोपी डिलीवरी एजेंट को तुरंत नौकरी से हटा दिया गया है।

फ्लिपकार्ट ने कही ये बात

फ्लिपकार्ट ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, "इस मामले से हमें गहरा दुख हुआ है और हम पीड़ित ग्राहक को पूरा सहयोग दे रहे हैं। हमारे लिए ग्राहकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जैसे ही हमें इस घटना की जानकारी मिली, हमने संबंधित डिलीवरी एजेंट की सेवाएं तुरंत समाप्त कर दीं। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और हम पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।" कंपनी ने आगे कहा, "हर डिलीवरी एजेंट को काम पर रखने से पहले उसका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन किया जाता है और जरूरी ट्रेनिंग भी दी जाती है। हालांकि इस तरह की घटनाएं बहुत कम होती हैं, लेकिन ऐसी एक भी घटना स्वीकार नहीं की जा सकती। हम पूरे मामले की समीक्षा कर रहे हैं ताकि भविष्य में ग्राहकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।