Credit Cards

अब इस आलीशान बंगले में रहेंगे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, सिर्फ इन लोगों को ही होता है अलॉट

Former VP Jagdeep Dhankhar: टाइप-8 बंगले देश में सर्वोच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों या उन लोगों को अलॉट किए जाते हैं जिन्होंने पहले महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। ये बंगले नई दिल्ली के सबसे पॉश और वीआईपी इलाके लुटियंस जोन में स्थित है

अपडेटेड Jul 24, 2025 पर 6:45 PM
Story continues below Advertisement
इनमें आठ कमरे होते हैं, जिनमें पांच से छह बेडरूम, एक लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, गैरेज और सामने तथा पीछे बड़े लॉन शामिल होते है

Jagdeep Dhankhar: पिछले दिनों उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस अप्रत्याशित इस्तीफे के बाद कायसबाजियों का दौर जारी है। बीते दिन ये तक कहा गया कि पार्टी और आलाकमान से उनकी नाराजगी इस कदर बढ़ गई है कि आनन-फानन में उनका इस्तीफा लिया गया और अब उनके घर और दफ्तर से भी बेदखल किया जा रहा है। हालांकि बीती शाम PIB ने फैक्ट चेक कर घर और दफ्तर खाली कराने वाली बात को फर्जी बताया।

ताजा जानकारी के मुताबिक, उनके इस्तीफे के बाद दिल्ली के लुटियंस जोन में टाइप-8 कैटेगरी का बंगला अलॉट किया गया है। आलीशान टाइप-8 बंगले आमतौर पर वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों, सुप्रीम कोर्ट के जजों, पूर्व राष्ट्रपतियों और राष्ट्रीय पार्टियों के अध्यक्षों के लिए आरक्षित होते हैं। आइए आपको बताते हैं पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के नए बंगले में क्या होगा खास।

टाइप-8 बंगले किसे मिलते हैं?


टाइप-8 बंगले देश में सर्वोच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों या उन लोगों को अलॉट किए जाते हैं जिन्होंने पहले महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। इसमें पूर्व राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति भी शामिल हैं। जैसे- पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू त्यागराज मार्ग पर एक टाइप-8 बंगले में रहते हैं। इसी तरह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी ऐसा ही एक बंगला अलॉट किया गया है। लोकसभा और राज्यसभा की आवास समिति वेतन, वरिष्ठता और उपलब्धता के आधार पर इन बंगलों का अलॉटमेंट करती है, जिसमें सांसदों, मंत्रियों और न्यायाधीशों को प्राथमिकता दी जाती है।

कैसे होते है टाइप-8 बंगले?

टाइप-8 बंगले सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले सरकारी आवासों की सबसे उच्च श्रेणी के होती है। ये विशाल बंगले आमतौर पर 8,000 से 8,500 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैले होते है। इनमें आठ कमरे होते हैं, जिनमें पांच से छह बेडरूम, एक लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, गैरेज और सामने तथा पीछे बड़े लॉन शामिल होते है। यहां हाई लेवल की सुरक्षा व्यवस्था होती है, जिसमें 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं और एक सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी होता है। इन बंगलों के डिजाइन में पेड़-पौधों से भरा एक बगीचा और बड़े लॉन शामिल होते हैं। मेहमानों और कर्मचारियों के लिए अलग से आवास की व्यवस्था होती है। लुटियंस दिल्ली में बने ये बंगले ब्रिटिश-काल की वास्तुकला के उल्लेखनीय उदाहरण है।

कहा स्थित हैं ये बंगले?

नई दिल्ली के सबसे पॉश और वीआईपी इलाके लुटियंस जोन में टाइप-8 बंगले स्थित है। इनमें जनपथ, अकबर रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, सुनहरी बाग रोड, सफदरजंग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग, त्यागराज मार्ग और तुगलक रोड जैसे प्रमुख स्थान शामिल है। ये एरिया संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों के करीब है। लुटियंस दिल्ली में 3,000 से अधिक सरकारी बंगले और फ्लैट हैं, जिनमें से 100 से अधिक टाइप-8 बंगले है। ये आवास शीर्ष नेताओं और अधिकारियों को अलॉट किए जाते है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।