Gangster Salman Tyagi: दिल्ली में हुए 2012 के दंगे और हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी करार दिए गए गैंगस्टर सलमान त्यागी का शव शनिवार सुबह दिल्ली की मंडोली जेल में मिला। उसे जेल नंबर 15 में फांसी पर लटका हुआ पाया गया। त्यागी को सजा सुनाए जाने के कुछ ही घंटों बाद उसका शव मिला। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और मकोका (MCOCA) सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस को यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, 'मंडोली जेल में सलमान त्यागी नाम के एक गैंगस्टर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जेल नंबर 15 में हुई और आज सुबह उसका शव फांसी पर लटका मिला। मामले की जांच चल रही है।' पुलिस और जेल अधिकारियों ने उसकी मौत से जुड़े हालातों की जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'एक जांच शुरू कर दी गई है। हम यह पता लगा रहे हैं कि यह घटना कैसे हुई और किस वजह से उसने यह कदम उठाया होगा। एक विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही जमा की जाएगी।'
दिल्ली की एक अदालत ने हाल ही में त्यागी और उसके चार साथियों को 12 साल पुराने मामले में दोषी ठहराया था। तीस हजारी कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (ASJ) शिवाली शर्मा ने त्यागी के साथ-साथ साहिल उर्फ छोटा रोशन, एस मुस्तफा त्यागी, मंसूर त्यागी और मनीष उर्फ दीपक को घातक हथियारों से दंगा करने और हत्या के प्रयास का दोषी पाया था। त्यागी को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत भी दोषी ठहराया गया था। हालांकि, कोर्ट ने मोहम्मद सद्दाम उर्फ गौरी को सभी आरोपों से बरी कर दिया था।