George Kurian Resigns: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हाल में हुए राज्यसभा चुनावों में उन्हें दोबारा उम्मीदवार न बनाने का फैसला किया था। राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार (23 जून) को एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
मुर्मू ने संविधान के आर्टिकल 75 के खंड (2) के तहत जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा स्वीकार किया है। जॉर्ज ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दिया है।
कुरियन मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री का प्रभार भी संभाल रहे थे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
कुरियन संभवतः केंद्र सरकार में एकमात्र ऐसे मंत्री थे जो ईसाई समुदाय से आते हैं। राज्यसभा में उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया था। दो केंद्रीय मंत्रियों-रवनीत सिंह बिट्टू और कुरियन को 18 जून को हुए राज्यसभा चुनावों के लिए दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया था।
65 साल के जॉर्ज कुरियन अगस्त 2024 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री (MoS) के तौर पर काम कर रहे थे। वह बीजेपी के एक सीनियर नेता हैं जो 1980 में पार्टी के बनने के समय से ही इसके सदस्य रहे हैं।
उन्होंने भारत के सुप्रीम कोर्ट में वकील के तौर पर भी प्रैक्टिस की है। कुरियन का राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो गया है, जिसकी वजह से उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। कुछ रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि केरल विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें दोबारा नॉमिनेट नहीं किया गया।
माइनॉरिटी अफेयर्स मिनिस्ट्री की वेबसाइट के अनुसार, कुरियन का जन्म 20 सितंबर 1960 को केरल के कोट्टायम जिले की एट्टुमानूर नगरपालिका के नंबियाकुलम में हुआ था। उन्होंने अपने गृहनगर में स्कूली शिक्षा पूरी की। उसके बाद लॉ (कानून) में ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन किया।
उन्होंने 9 जून 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली और 11 जून 2024 को माइनॉरिटी अफेयर्स मिनिस्ट्री और फिशरीज, एनिमल हसबेंडरी एंड डेयरी मिनिस्ट्री का कार्यभार संभाला। इससे पहले, कुरियन नेशनल कमीशन फॉर माइनॉरिटीज के वाइस-चेयरमैन और तत्कालीन केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के तौर पर काम कर चुके थे।