त्रिपुरा सरकार और त्रिपुरा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड (TSECL) ने गरीब परिवारों के लिए बड़ी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत चुने गए कम आय वाले परिवारों को करीब 66,000 रुपये का रूफटॉप सोलर सिस्टम सिर्फ 1000 रुपये में दिया जाएगा। इस योजना का मकसद लोगों को सस्ती और साफ ऊर्जा उपलब्ध कराना है।
अगरतला में रूफटॉप सोलर पीवी सिस्टम हैंडबुक लॉन्च करते हुए बिजली मंत्री रतन लाल नाथ ने बताया कि पहले चरण में ऐसे करीब 1.5 लाख परिवार चुने गए हैं, जो हर महीने 50 यूनिट से कम बिजली इस्तेमाल करते हैं। राज्य में ऐसे कुल लगभग 3 लाख उपभोक्ता हैं।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) के तहत सरकार सब्सिडी दे रही है।
नई योजना में पात्र परिवारों को सिर्फ 1000 रुपये देकर रूफटॉप सोलर सिस्टम मिल जाएगा।
मुफ्त बिजली के साथ कमाई भी
मंत्री ने कहा कि पहले लोग बिजली बिल भरते थे, लेकिन अब कई परिवार सोलर सिस्टम से बिजली बनाकर ग्रिड को सप्लाई कर रहे हैं और उससे कमाई भी कर रहे हैं।
राज्य सरकार का लक्ष्य इस योजना के जरिए करीब 150 मेगावॉट सोलर पावर पैदा करना है। यह प्रोजेक्ट TSECL, राज्य सरकार और Asian Development Bank (ADB) मिलकर चला रहे हैं। काम अगले महीने से शुरू होने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि कई गरीब परिवारों के लिए 33 हजार रुपये का इंतजाम करना मुश्किल था। इसी वजह से सरकार ने फैसला लिया कि चुने गए परिवारों से सिर्फ एक बार 1000 रुपये लिए जाएंगे और उसके बाद उन्हें हमेशा के लिए मुफ्त बिजली मिलेगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 1115 करोड़ रुपये है। इसमें से 495 करोड़ रुपये मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी (MNRE) देगा, जबकि बाकी पैसा ADB लोन, TSECL और त्रिपुरा सरकार मिलकर लगाएंगे।