Goa Nightclub Fire Case: गोवा की एक अदालत ने 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग लगने के मामले में दो आरोपियों को जमानत दे दी है। गोवा की एक लोकल कोर्ट ने मंगलवार (23 दिसंबर) को बर्च बाय रोमियो लेन के जनरल मैनेजर विवेक सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी। जबकि दो अन्य आरोपी बार मैनेजर राजवीर सिंघानिया और गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर को जमानत दे दी। इस बीच, मामले के मुख्य आरोपी नाइटक्लब के सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा पुलिस हिरासत में हैं।
सोमवार को गोवा की एक कोर्ट ने सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की पुलिस हिरासत पांच दिन के लिए बढ़ा दी। ये दोनों बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के मालिक हैं, जहां 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के तुरंत बाद, लूथरा भाई थाईलैंड भाग गए थे। उन्हें 17 दिसंबर को वहां से डिपोर्ट कर दिया गया था।
इस बीच, गोवा पुलिस ने मंगलवार को अरपोरा के एक नाइटक्लब में आग लगने की घटना के आरोपी अजय गुप्ता के खिलाफ कथित जालसाजी का मामला दर्ज किया। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'बर्च बाय रोमियो लेन' के को-ओनर गुप्ता ने कथित तौर पर नाइटक्लब चलाने के लिए ट्रेड लाइसेंस लेने के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट के जाली सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया था।
इसके बाद नॉर्थ गोवा जिले के मापुसा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारी के मुताबिक, गुप्ता फिलहाल अंजुना पुलिस की हिरासत में हैं। 6 दिसंबर को अरपोरा के रोमियो लेन पर 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब में भीषण आग लग गई थी। इसमें 25 लोगों की जिंदा दलकर मौत हो गई थी। माना जा रहा है कि सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन की वजह से आग लगी थी। गुप्ता को 10 दिसंबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था।
मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ 'ब्लू कॉर्नर' नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खोसला ब्रिटेन भाग गया है। अंजुना पुलिस ने लूथरा बंधुओं के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि खोसला घटना के समय गोवा में ही था। संभवतः वह अगले दिन ब्रिटेन फरार हो गया था। उन्होंने कहा, "हमने उसे ब्रिटेन से यहां लाने के लिए 'ब्लू कॉर्नर' नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न केंद्रीय एजेंसी के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।"
माना जाता है कि खोसला अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइटक्लब के मालिकों में से एक है। जिस जमीन पर नाइटक्लब बनाया गया था, उसे खोसला को पट्टे पर दिया गया था। खोसला का जमीन के मूल मालिक प्रदीप घाडी अमोणकर के साथ पुराना कानूनी विवाद है।