Goa Panchayat Results 2025: 'गोवा सुशासन के साथ खड़ा है'; जिला पंचायत चुनाव में BJP की प्रचंड जीत, पीएम मोदी ने जताया आभार

Goa Zilla Panchayat Poll Results 2025: गोवा जिला पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार जीत हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। BJP-MGP गठबंधन ने 50 में से 30 सीटें जीत ली है

अपडेटेड Dec 22, 2025 पर 8:26 PM
Story continues below Advertisement
Goa Zilla Panchayat Poll Results 2025: पीएम मोदी ने गोवा जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी की शानदार जीत पर बधाई दी है

Goa Zilla Panchayat Poll Results 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (22 दिसंबर) को जिला पंचायत चुनावों में BJP-MGP के नेतृत्व वाले NDA की प्रचंड जीत के लिए गोवा के लोगों को धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि गोवा सुशासन और प्रगतिशील राजनीति के साथ खड़ा है। उन्होंने BJP-MGP (NDA) गठबंधन को वोट देने के लिए राज्य के लोगों का आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनादेश गोवा के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को और ज्यादा मजबूती देगा।

पीएम मोदी ने X पर लिखा, "गोवा सुशासन के साथ खड़ा है। गोवा प्रगतिशील राजनीति के साथ खड़ा है। मैं गोवा की अपनी बहनों और भाइयों को जिला पंचायत चुनावों में BJP-MGP (NDA) परिवार को मजबूत समर्थन देने के लिए धन्यवाद देता हूं। इससे गोवा के विकास के लिए हमारे प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। हम इस शानदार राज्य के लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे मेहनती NDA कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर सराहनीय काम किया है, जिसकी वजह से यह नतीजा आया है।"

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को गोवा जिला पंचायत चुनाव 2025 में शानदार जीत हासिल की। 50 सदस्यों वाली बॉडी में 30 सीटें जीतकर वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों से पहले एक अहम संकेत माने जा रहे इन चुनावों में 50 निर्वाचन क्षेत्रों में प्रमुख राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 200 से अधिक उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया।


गोवा स्थानीय चुनाव में 70.81 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। शाम 6.30 बजे तक BJP-MGP गठबंधन ने 30 सीटें जीत चुकी थी। जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिली है। वहीं, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, आम आदमी पार्टी (AAP) और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी ने एक-एक सीट जीती है। 14 केंद्रों पर वोटों की गिनती अभी जारी है।

BJP ने पिछली बार के 33 सीटों के मुकाबले इस बार उसकी सीटों की संख्या घटकर 30 रह गई है। हालांकि अभी मतगणना जारी है। एक-दो सीटें बढ़ सकती हैं। इसके उलट, कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया है। कांग्रेस ने पिछली बार की चार सीटों के मुकाबले इस बार 9 सीटें जीती है।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लगभग आठ लाख मतदाताओं में से 70.81 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे अधिक (88.29 प्रतिशत) मतदान लातंबरसेम में दर्ज किया गया। उसके बाद नागरगांव (86.71%) और पाले (86.58%) का स्थान रहा। ये तीनों उत्तरी गोवा में स्थित हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP), महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और रिवोल्यूशनरी गोअंस पार्टी ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने गठबंधन किया है।

कुल 226 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें उत्तर गोवा से 111 और दक्षिण गोवा से 115 उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें से 62 उम्मीदवार निर्दलीय थे। सत्तारूढ़ बीजेपी 40 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। जबकि AAP और कांग्रेस ने क्रमशः 42 और 36 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इसके अलावा गोवा फॉरवर्ड पार्टी 9 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।

ये भी पढ़ें- 'महाराष्ट्र विकास के साथ खड़ा है'; निकाय चुनावों में 'महायुति' की प्रचंड जीत से PM मोदी गदगद, गडचिरोली में BJP उम्मीदवार की सिर्फ 1 वोट से हार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।