मां की तेरहवीं के खर्च को लेकर हुआ झगड़ा, बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट!

Gorakhpur Murder: परिजनों के मुताबिक, 23 साल के शिवम शर्मा और उसका एक भाई मिलकर तेरहवीं का कार्यक्रम करवाना चाहते थे, जबकि बड़े भाई दुर्ग विजय शर्मा और एक अन्य भाई अलग व्यवस्था के पक्ष में थे। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 6:58 PM
Gorakhpur Firing: मां की तेरहवीं के खर्च को लेकर हुआ झगड़ा, बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट!

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मां की तेरहवीं के भोज को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

यह सनसनीखेज मामला गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के बड़की रेवतिया (बड़ी रतवैया) गांव का है। मंगलवार को परिवार में दिवंगत मां की तेरहवीं और ब्रह्मभोज का कार्यक्रम था। इसी दौरान भोज के खर्च और आयोजन को लेकर भाइयों के बीच बहस शुरू हो गई।

परिजनों के मुताबिक, 23 साल के शिवम शर्मा और उसका एक भाई मिलकर तेरहवीं का कार्यक्रम करवाना चाहते थे, जबकि बड़े भाई दुर्ग विजय शर्मा और एक अन्य भाई अलग व्यवस्था के पक्ष में थे। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।


गुस्से में घर गया, तमंचा लाया और चला दी गोली

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दुर्ग विजय शर्मा गुस्से में घर पहुंचा और वहां से तमंचा लेकर वापस आया। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई शिवम पर गोली चला दी।

गोली शिवम के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार वाले उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

गांव में मचा हड़कंप, आरोपी फरार

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पिपराइच थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने शुरू कर दिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुर्ग विजय शर्मा मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मां की तेरहवीं और ब्रह्मभोज की व्यवस्था को लेकर भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोली चलने की घटना हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

मां की आत्मा की शांति के लिए रखा गया ब्रह्मभोज आखिरकार परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसने एक बेटे की जान ले ली और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

दिल्ली अग्निकांड का सबसे दर्दनाक पहलू! परिवार के 8 लोगों की गई जान, ये जाने बिना ही दुनिया से अलविदा कह गए राधेश्याम अग्रवाल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।