Gujarat Gambhira Bridge Collapse: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार (9 जुलाई) सुबह एक पुल का हिस्सा गिरने से पांच से छह वाहन महिसागर नदी में जा गिरे। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह वडोदरा जिले के पादरा में चार दशक पुराने गंभीरा पुल के ढहने की घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में कई अन्य के फंसे होने की आशंका है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। इसके तुरंत बाद बचाव और तलाशी अभियान शुरू किया गया। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। बुधवार सुबह करीब 7.30 बजे अचानक से पुल गिर गया। महिसागर नदी पर बना यह पुल वडोदरा और आणंद को जोड़ता है।