'मुझे वो पसंद नहीं थी', पति ने ही हैवानों को बेच डाली अपनी पत्नी, महिला के साथ कई बार हुआ गैंगरेप! ऐसे खुला पूरा मामला

19 मई को निकेश पटेल खुद पालनपुर वेस्ट पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। थाने में वह खुद को परेशान और बेबस पति दिखाने की कोशिश कर रहा था। शुरुआत में पुलिस को भी मामला सामान्य गुमशुदगी का लगा, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी का डरावना सच सामने आने लगा

अपडेटेड May 27, 2026 पर 1:30 PM
Gujarat News: पति ने ही हैवानों को बेच डाली अपनी पत्नी, महिला के साथ कई बार हुआ गैंगरेप! ऐसे खुला पूरा मामला

गुजरात के बनासकांठा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक पति ने सिर्फ इसलिए अपनी ही पत्नी की जिंदगी बर्बाद कर दी, क्योंकि वह उसे पसंद नहीं करता था। चंद पैसों के लालच में उसने अपनी पत्नी को हैवानों के हाथों बेच दिया।

मामला पालनपुर वेस्ट इलाके का है, जहां पुलिस ने मानव तस्करी, गैंगरेप और लूट के एक खौफनाक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का पति निकेश पटेल निकला।

19 मई को निकेश पटेल खुद पालनपुर वेस्ट पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। थाने में वह खुद को परेशान और बेबस पति दिखाने की कोशिश कर रहा था। शुरुआत में पुलिस को भी मामला सामान्य गुमशुदगी का लगा, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी का डरावना सच सामने आने लगा।


डीएसपी डॉ. जिग्नेश गामित की निगरानी में जब पुलिस ने निकेश से लगातार पूछताछ की, तो उसके बयानों में कई विरोधाभास नजर आए। आखिरकार पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और उसने ऐसा कबूलनामा किया, जिसे सुनकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

निकेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी को पसंद नहीं करता था। इसी वजह से उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने अपनी पत्नी की आजादी और इज्जत का सौदा महज 50,000 रुपये में कर डाला।

पति ने अपने साथियों संजय ठाकोर, अशोक ठाकोर और सचिन दरबार के साथ मिलकर पहले से पूरी प्लानिंग की थी। आरोपियों ने महिला को घूमने-फिरने के बहाने घर से बाहर निकाला और फिर उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर कुछ लोगों के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के कबूलनामे के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। लेकिन जब पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

महिला ने बताया कि कैद के दौरान उसके साथ दरिंदगी की सारी हदें पार की गईं। आरोपियों ने उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसके शरीर से सारे सोने के गहने उतार लिए गए और बाद में उन्हें बेच दिया गया।

पीड़िता को कई दिनों तक जबरन कैद में रखा गया। वह मदद के लिए चीखती रही, लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं था। जिस पति पर उसने भरोसा किया, उसी ने उसे नरक में धकेल दिया।

महिला के बयान के बाद पुलिस ने तुरंत मानव तस्करी, गैंगरेप, लूट और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति निकेश पटेल समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों पर भरोसे को झकझोर दिया है। जिस इंसान के साथ महिला ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी ने कुछ पैसों के लिए उसकी जिंदगी को दर्द और भय के अंधेरे में धकेल दिया।

ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने विदाई के समय मांगे थे 2 लाख रुपये! CBI की FIR में सामने आए नए आरोप

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।