Gurugram: 'जानबूझकर नहीं किया...', महिला बाइक राइडर को पहले मारी टक्कर अब आरोपी ने कही ये बात

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। अब इस मामले के आरोपी कल्याण बैंसला ने अपना बयान दिया है। आरोपी कल्याण बैंसला ने लेडी बाइकर को जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया है

अपडेटेड Sep 14, 2026 पर 7:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि वह बाइकर्स को टक्कर मारने की कोशिश कर रहे थे

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला काफी चर्चा में है। गोल्फ कोर्स रोड पर लेडी बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को एक कार सवार युवक ने साइड से टक्कर मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वहीं अब इस मामले के आरोपी कल्याण बैंसला ने अपना बयान दिया है। आरोपी कल्याण बैंसला ने लेडी बाइकर को जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया है। बैंसला ने कहा कि, कार से बाइक की टक्कर गलती से हुई थी। बैंसला ने ये भी दावा किया कि उसे उस समय ये नहीं पता था कि बाइक एक महिला चला रही थी।

बैंसला ने क्या कहा

इंडिया टुडे टीवी से बातचीत में बैंसला ने कहा कि, मामले की सच्चाई CCTV फुटेज देखकर ही सामने आ सकती है। बैंसला ने कहा, दो बाइक सवार बार-बार उनकी कार को ओवरटेक कर रहे थे। इसके बाद वे बाइक आगे ले गए और अचानक रफ्तार धीमी कर दी, जिससे यह घटना हुई। बैंसला ने कहा, "वे बार-बार मेरे सामने आ रहे थे और फिर बाइक धीमी कर रहे थे।" उन्होंने आगे कहा, "क्या मैं सबको टक्कर मार रहा हूं? आप CCTV चेक कर सकते हैं।" बैंसला ने दावा किया कि बाइकर्स ने बाद में कार का शीशा देखे बिना अपनी मोटरसाइकिल मोड़ दी और कंट्रोल खो दिया, जिससे टक्कर हो गई। उन्होंने कहा, "मान लेते हैं कि टक्कर गलती से हुई। मैं मानता हूं कि गलती हुई थी।"


नहीं पता था बाइकर महिला है

उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि वह बाइकर्स को टक्कर मारने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मैं वीडियो में भी कह रहा था कि तुम ठीक से चला रहे हो, लेकिन धीरे चलाओ। मुझे बार-बार परेशान मत करो।" बैंसला ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि महिला घायल हो गई है, तो उन्हें इस बात का दुख हुआ। उन्होंने दावा किया कि टक्कर के समय उन्हें यह पता नहीं था कि मोटरसाइकिल कौन चला रहा था। उन्होंने कहा, "मुझे दुख है कि गलती हो गई। मुझे नहीं पता था कि उस पर एक लड़की थी।" बता दें कल्याण बैंसला का ये बयान सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आया है।

 

बैंसला ने इससे पहले किसी भी क्रिमिनल केस में शामिल होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “मेरे नाम पर मेरे खिलाफ कभी कोई केस नहीं हुआ।” बैंसला ने कहा, “अगर लोग ये बातें कह रहे हैं, और अगर यह मेरे परिवार पर आता है, तो मैं निश्चित रूप से बोलूंगा और कहूंगा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ।”

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

बाइक के कैमरे में रिकॉर्ड हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया। महिला बाइकर ने आरोप लगाया कि कार चालक ने उसका पीछा कर तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मारी। गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच भी शुरू कर दी है। महिला बाइकर ने भी कहा कि वह अपने वकील की मदद से आगे कानूनी कार्रवाई करेगी। हादसे के बाद एक अन्य बाइक सवार के हेलमेट कैमरे में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हुई।

Video: 'दोस्त ले गया था गाड़ी' गुरुग्राम में महिला राइडर को टक्कर मामले में आया नया मोड़, कार के मालिक ने बताई सच्चाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।