नाक से निकलता खून और फर्श पर फैला यूरिन....मसूरी होमस्टे में महिला इंजीनियर के साथ क्या हुआ?

Gurugram Software Engineer Died : महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करती थीं और दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट इलाके में रहती थीं। जानकारी के अनुसार, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ उत्तराखंड घूमने आई थीं।

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 6:32 PM
27 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी उलझी हुई है।

गुरुग्राम की आईटी कंपनी में काम करने वाली 27 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी उलझी हुई है। बता दें कि, महिला मसूरी-धनोल्टी रोड पर स्थित एक होमस्टे में संदिग्ध हालत में मृत पाई गई है। मृतक युवती की पहचान पी राधा गायत्री के रूप में हुई है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं अब इस मामले को लेकर कुछ हैरान कर देने वाली जानकारियां सामने आई हैं।

बता दें कि, महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करती थीं और दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट इलाके में रहती थीं। जानकारी के अनुसार, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ उत्तराखंड घूमने आई थीं। उनके पति भी आईटी क्षेत्र से जुड़े हैं और पुणे में काम करते हैं।

मसूरी के होमस्टे में रुका था कपल


पुलिस के अनुसार, राधा गायत्री और उनके पति सौम्या श्रीचरण ने अपनी यात्रा दिल्ली से शुरू की थी। दोनों पहले ऋषिकेश पहुंचे और वहां से आगे मसूरी के टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में गए।

बताया गया है कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे दंपति ने 'कियाना होमस्टे' में "ब्लिस" नाम के कमरे में चेक-इन किया था। पुलिस के मुताबिक, पति के बयान में कहा गया है कि रात के समय दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद वे अपने कमरे में आराम करने चले गए और तड़के करीब 3:30 बजे सो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

होमस्टे के कमरे में मिली महिला की लाश

यह मामला सोमवार सुबह सामने आया, जब मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि एक होमस्टे के कमरे में एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम 108 एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, महिला के पति सौम्या श्रीचरण ने बताया कि जब उनकी नींद खुली, तो उन्होंने अपनी पत्नी राधा गायत्री को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि महिला के शरीर पर कपड़े नहीं थे। वहीं, शव के पास पेशाब जमा हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला की नाक से खून निकलने के भी संकेत मिले हैं। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस टीम के फार्मासिस्ट ने महिला की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कमरे से खून के निशान और शराब की बोतलें मिलीं

पुलिस के अनुसार, होमस्टे के कमरे की जांच के दौरान बिस्तर की चादर पर खून के धब्बे मिले हैं। इसके अलावा कमरे से शराब की दो खाली बोतलें और खाने-पीने का कुछ सामान भी बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक, राधा गायत्री और सौम्या श्रीचरण की शादी 8 नवंबर 2025 को हुई थी। दोनों मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम शहर के रहने वाले थे। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने डॉक्टरों के एक विशेष पैनल से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही पुलिस ने पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का भी फैसला किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।