Gurugram: लग्जरी सोसायटी में मेड से मारपीट! थप्पड़ और बाल खींचने का वीडियो वायरल, अब पुलिस ने लिया ये एक्शन

इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। कई यूजर्स ने गुरुग्राम पुलिस को टैग कर आरोपी महिला के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस की जांच में पता चला कि घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की यह घटना 24 जुलाई 2026 को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला गुरुग्राम के एक शराब कारोबारी की पत्नी है और इसी पॉश सोसायटी में रहती है

अपडेटेड Aug 11, 2026 पर 11:13 AM
दिल्ली-NCR से एक हैरान कर देना वाली खबर सामने आई है।

दिल्ली-NCR से एक हैरान कर देना वाली खबर सामने आई है। गुरुग्राम पुलिस ने 52 साल की रुचिरा सचदेवा को अपनी हाउस हेल्प के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-42 की पॉश सोसायटी ‘द कैमेलियास’ में हुई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने खुद लिया संज्ञान

सुशांत लोक पुलिस थाने ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का खुद संज्ञान लिया और मामले की जांच शुरू की। वीडियो में हाउस हेल्प रसोई में दिखाई दे रही है। इसी दौरान आरोपी महिला उसके पास आती है और कथित तौर पर उसे बार-बार थप्पड़ मारती है। वीडियो में महिला हाउस हेल्प को धक्का देती, उसका चेहरा पकड़ती और उसके बाल खींचती हुई भी दिखाई दे रही है। साथ ही, वह उसे धमकाती हुई नजर आ रही है।


वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने लोगों से हाउस हेल्प की मदद करने और वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की। उसने कहा कि लोगों को यह दिखाना जरूरी है कि हाउस हेल्प के साथ किस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद भारद्वाज नाम के व्यक्ति ने भी अधिकारियों से आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और रुचिरा सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया।

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई था नाराजगी

इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। कई यूजर्स ने गुरुग्राम पुलिस को टैग कर आरोपी महिला के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस की जांच में पता चला कि घरेलू सहायिका के साथ मारपीट की यह घटना 24 जुलाई 2026 को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला गुरुग्राम के एक शराब कारोबारी की पत्नी है और इसी पॉश सोसायटी में रहती है।

नेपाल की रहने वाली है पीड़ित महिला

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित हाउस हेल्प नेपाल की रहने वाली है और कथित तौर पर पिछले करीब दो साल से उस घर में काम कर रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि काम से जुड़ी किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। इसी दौरान मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने किचन की खिड़की से करीब 90 सेकंड का वीडियो बनाया था। यही वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इन धाराओं में दर्ज किया गया केस

आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 127(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 115(2) जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाने से जुड़ी है, जबकि धारा 127(2) किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रोकने या बंधक बनाने से संबंधित है। अधिकारियों के मुताबिक, गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार को रुचिरा सचदेवा को गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने जांच में सहयोग करने पर सहमति जताई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।