असम के गुवाहाटी से एक सनसीखेज मामला सामने आया है। असम के गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में एक घर से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के हत्या का आरोप में उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं पत्नी की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने कोर्ट ले जाते समय चौंकाने वाला बयान दिया। मीडिया से बात करते हुए उसने कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। आरोपी ने ये भी दावा किया कि वह जल्द ही अपनी पत्नी के 'शुगर डैडी' को मार डालेगा।
7 दिन का कस्टडी में भेजा गया
रामानुज गोस्वामी को अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या के मामले में सात दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। आरोपी को मंगलवार को गुवाहाटी की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया। अब पुलिस हिरासत के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
'शुगर डैडी' को भी मारेगा!
News18 के मुताबिक, गोस्वामी ने असमिया भाषा में पत्रकारों से बात करते हुए कथित तौर पर कहा कि, उसने अपनी पत्नी की हत्या की है। उसने ये भी कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह उस व्यक्ति को भी मार देगा, जिसे वह अपनी पत्नी का “शुगर डैडी” बताता है। बाद में उसने रिपोर्टरों से कहा, 'मुझे कोई पछतावा नहीं है, कोई माफी नहीं है।' पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर गुवाहाटी के बेल्टोला इलाके में स्थित अपने फ्लैट में पत्नी के शव के साथ करीब तीन दिन तक रहा। इस दौरान शव की हालत खराब हो गई थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है। साथ ही, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद क्या-क्या हुआ और घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा।
ये घटना 6 सितंबर को सामने आई, जब गुवाहाटी स्थित दंपति के अपार्टमेंट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने दोनों को पिछले दो दिनों से नहीं देखा था। इसके अलावा कपल के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। पुलिस ने जब अपार्टमेंट का दरवाजा खोला तो अंदर महिला का शव मिला। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शव काफी खराब हालत में था और महिला का सिर वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद पूरे फ्लैट की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को रेफ्रिजरेटर के अंदर एक पॉलीथीन बैग मिला, जिसमें महिला का कटा हुआ सिर रखा हुआ था।
महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रामानुज गोस्वामी की तलाश शुरू कर दी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने उसे आखिरी बार शुक्रवार को देखा था। इसके बाद रविवार रात गोस्वामी खुद पुलिस के सामने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके बाद अदालत ने उसे सात दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि 3 सितंबर को पत्नी के साथ उसका विवाद शुरू हुआ था, जो अगले दिन सुबह तक चलता रहा। इसी दौरान गुस्से में उसने अपना नियंत्रण खो दिया और कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने जांच के दौरान घर से ‘दाओ’ (हथौड़ा) नाम का एक हथियार भी बरामद किया है, जिसे कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया था।
शादी को नहीं हुए थे एक साल
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में गोस्वामी ने कथित तौर पर पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का दावा किया है और कहा कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों की शादी को अभी छह महीने एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। फिलहाल पुलिस उसके दावों की पुष्टि करने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी तथ्यों और हत्या से पहले व बाद के घटनाक्रम की जांच कर रही है।