'पापा मुझे बचा लो…', 20 मिनट बाद मिली मौत की खबर, ट्विशा शर्मा के बाद ग्वालियर में पलक की मौत

परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पलक को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। पुलिस और परिवार के लोगों के मुताबिक, पलक रजक की शादी 14 अप्रैल 2025 को अमित रजक से हुई थी। अमित वायु सेना में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर काम करता है। पलक के परिवार का आरोप है कि शादी में सोना, चांदी, मोटरसाइकिल और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे

अपडेटेड May 20, 2026 पर 10:21 AM
Story continues below Advertisement
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 21 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की मौत ने फिर सनसनी फैला दी है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 21 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पलक रजक की मौत ने फिर सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल वालों का कहना है कि पलक ने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन किया था और कहा था कि, वे उसे ससुराल से अपने साथ ले जाएं। ग्वालियर की रहने वाली पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थी. उसके अकाउंट पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे और उसकी रील्स पर हजारों-लाखों व्यूज आते थे।

परिवार ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पलक को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पुलिस और परिवार के लोगों के मुताबिक, पलक रजक की शादी 14 अप्रैल 2025 को अमित रजक से हुई थी। अमित वायु सेना में आउटसोर्स कर्मचारी के तौर पर काम करता है। पलक के परिवार का आरोप है कि शादी में सोना, चांदी, मोटरसाइकिल और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे। उनका कहना है कि पति, सास और देवर लगातार कार और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। परिवार ने यह भी दावा किया कि शादी के समय दी गई फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की रसीदों को भी ससुराल पक्ष ने इस्तेमाल कर लिया था।


मौत से पहले पलक ने किया था फोन

पलक के पिता ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह उसके भाई को भेजकर उसे घर वापस ले आएंगे। परिवार के लोगों का कहना है कि फोन पर बात करते समय पलक काफी डरी हुई थी और लगातार रो रही थी। करीब 20 मिनट बाद पलक के पति अमित ने परिवार को फोन कर बताया कि पलक ने फांसी लगा ली है। जब पलक के रिश्तेदार ससुराल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि पलक के गले, पैरों और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या का शक है। घटना से नाराज रिश्तेदारों ने बाद में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और फोरेंसिक जांच कराने की मांग की।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी पलक

पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं और नियमित रूप से रील्स बनाया करती थीं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर उनके करीब 10 हजार फॉलोअर्स थे। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। पलक के ससुर बाबूलाल ने पुलिस को बताया कि जब वह बाजार से घर लौटे, तो उनके छोटे बेटे ने कहा कि पलक दरवाजा नहीं खोल रही है।

परिवार वालों के अनुसार, दरवाजा तोड़ने के बाद पलक कमरे में छत के पंखे से लटकी मिली। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, क्योंकि शादी के एक साल के भीतर महिला की मौत हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रॉबिन जैन ने बताया कि महिला के परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिको-लीगल जांच, फोरेंसिक रिपोर्ट और रिश्तेदारों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।