Maharashtra Salon Price Hike: अमेरिका-ईरान में जारी संघर्ष का असर अब केवल पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि अब महंगाई सैलून तक पहुंच गई है। दरअसल, महाराष्ट्र में नाई समुदाय के संगठन ने हेयरकट और अन्य ग्रूमिंग सेवाओं की कीमतों में 20% तक बढ़ोतरी कर दी है। यह नई आज यानी शनिवार से ही लागू हो गई हैं।
नागपुर के महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के एक पदाधिकारी श्याम असकरकर ने PTI को बताया कि संशोधित दरों के अनुसार, अब हेयरकट के लिए 180 रुपये और शेविंग के लिए 120 रुपये चुकाने होंगे।
इसके अलावा, दाढ़ी ट्रिमिंग के लिए 150 रुपये, हेड मसाज के लिए 180 रुपये और हेयर वॉश के लिए 120 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, फेशियल की शुरुआत 700 रुपये से होगी, जबकि हेयर स्पा के लिए 600 रुपये देने होंगे।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण सैलून में इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से हेयरकट और अन्य ग्रूमिंग सेवाओं के दाम बढ़ाने पड़े हैं।
श्याम असकरकर ने एक और कारण बताते हुए कहा कि सैलून सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह बढ़ता परिचालन खर्च और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं हैं। उनके अनुसार, इन परिस्थितियों के कारण सैलून संचालकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले कई प्रोडक्ट की कीमतें बढ़ गई हैं।
उन्होंने आगे कहा, "आमतौर पर हम हर दो साल के अंतराल के बाद जनवरी में सेवाओं की कीमतों की समीक्षा करते हैं। लेकिन इस बार सैलून में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण हमें बीच में ही रेट बढ़ाने पड़े।"
एक अनुमान के अनुसार, महाराष्ट्र में एक लाख से अधिक नाई की दुकानें हैं। हालांकि, यह संगठन प्रीमियम या लक्जरी सैलून का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, जहां आमतौर पर बाल कटवाने का शुल्क लगभग 500 रुपये से शुरू होता है।