Lucknow Suicide Case: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक महिला ने अपने पति के बात से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यूपी पुलिस ने यह जानकारी दी है। मृतक तनु सिंह लखनऊ के इंदिरा नगर में अपने पति राहुल श्रीवास्तव के साथ रहती थीं। फिलहाल मामले की जाचं जारी है।
तनु की बहन अंजली के अनुसार, परिवार बुधवार शाम सीतापुर स्थित एक रिश्तेदार के घर से लौटा था। घर पहुंचने पर वे एक कमरे में बैठकर हंसी-मजाक कर रहे थे, तभी राहुल ने कथित तौर पर तनु को "बंदरिया" कह दिया, जिससे तनु नाराज हो गईं और दूसरे कमरे में चली गईं।
मृतक महिला का पति राहुल, जो ऑटो चालक है, ने बताया कि दिन में पहले वह, तनु, अंजलि और उसका बेटा अभय घर पर साथ बैठकर मजाक कर रहे थे। उसी दौरान तनु को छेड़ा गया। इसके बाद वह खाना लाने बाहर गया।
कुछ देर बाद जब वह लौटा और अंजली से तनु को बुलाने को कहा, तो उसने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। नाम पुकारने पर भी कोई जवाब न मिलने पर उसने खिड़की से झांका और तनु को कपड़े के फंदे से लटका हुआ देखा, जिसे देखकर वह चीख पड़ी।
पड़ोसी और राहुल तुरंत कमरे में पहुंचे, दरवाजा तोड़कर तनु को फंदे से छुड़ाया और राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिवार को सौंप दिया गया और अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि तनु ने लगभग चार साल पहले राहुल से प्रेम विवाह किया था, जिसे बाद में दोनों परिवारों ने मंजूरी दे दी थी। उन्होंने बताया कि दंपति की कोई संतान नहीं थी और तनु को मॉडलिंग में रुचि थी।