NDMA Heatwave Alert: लू से भीषण लू... नोएडा से लेकर मैनपुरी, मिर्जापुर तक हीटवेव का मामला इतना संगीन कि NDMA ने भेजा ये अलर्ट
NDMA Heatwave Alert: मौसम विभाग ने अपने वेदर बुलेटिन में आने वाले तीन दिनों में यूपी के 20 से अधिक जिलों में भीषण लू का तांडव दिखने की बात कही है। इसके लिए IMD ने उत्तर प्रदेश के प्रभावित जिलों का नाम देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि दिन के साथ-साथ रातें भी भट्टी की तरह तपेंगी
NDMA Heatwave Alert: उत्तर और मध्य भारत में आसमान से बरसती आग के बीच अब हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। NDMA की ओर से एक इमरजेंसी वेदर अलर्ट भेजा गया है। इसमें लू से भी भीषण लू की खौफनाक चेतावनी दी गई है।
इससे पहले मौसम विभाग ने भी अपने वेदर बुलेटिन में आने वाले तीन दिनों में यूपी के 20 से अधिक जिलों में भीषण लू का तांडव दिखने की बात कही है। इसके लिए आईएमडी ने यूपी के प्रभावित जिलों का नाम देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि दिन के साथ-साथ रातें भी भट्टी की तरह तपेंगी।
अब NDMA द्वारा जारी इस अलर्ट के बाद हीटवेव की गंभीरता का अंदाजा खुद ब खुद लगाया जा सकता है। इस अलर्ट में साफ तौर पर लिखा है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में चलने वाली गर्म हवाएं आम लू से भी ज्यादा खतरनाक और झुलसाने वाली होंगी।
NDMA के अलर्ट मैसेज में क्या लिखा है?
सोशल मीडिया और मोबाइल स्क्रीन पर वायरल हो रहे एनडीएमए के इस इमरजेंसी संदेश में लिखा है कि अगले 24 घंटों में अलीगढ़, भदोही, एटा, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हाथरस, कानपुर नगर, मैनपुरी, मथुरा, मिर्जापुर में कई स्थानों पर लू से भीषण लू चलने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में 46 डिग्री के पार पहुंचा पारा, अब 47°C की तैयारी
आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा-गाजियाबाद में बुधवार को भी सूर्य देव का रौद्र रूप जारी रहा। दिल्ली-एनसीआर के कई वेदर स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार से अगले चार दिनों तक के लिए राजधानी क्षेत्र में 'ऑरेंज अलर्ट' प्रभावी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि सबसे ज्यादा प्रभावित पॉकेट्स में पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, और यह जानलेवा हीटवेव 25 मई तक इसी तरह लोगों को टॉर्चर करती रहेगी।
आखिर क्यों सुलग रहा है पूरा उत्तर भारत?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में इस समय किसी भी तरह के एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) या बारिश की गतिविधियों का नामोनिशान नहीं है। आसमान पूरी तरह साफ होने की वजह से पड़ोसी राज्य राजस्थान और उसके आस-पास के रेतीले इलाकों से आने वाली बेहद गर्म और शुष्क हवाएं बिना किसी रुकावट के सीधे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश की तरफ आ रही हैं। यही कारण है कि तापमान में इतनी तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
आईएमडी के विशेष बुलेटिन के मुताबिक, केवल यूपी-दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा इस समय लू की भट्टी बना हुआ है। वर्तमान में मौसम विभाग की हीटवेव चेतावनी के दायरे में दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़, बिहार और तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में यह गंभीर स्थिति इस पूरे हफ्ते ऐसे ही बरकरार रहने वाली है।
NDMA और IMD की जरूरी गाइडलाइंस
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच जब धूप सबसे तीखी होती है, तब घरों या दफ्तरों से बाहर निकलने से पूरी तरह परहेज करें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें; प्यास न लगी हो तब भी नियमित अंतराल पर पानी, ओआरएस घोल, छाछ, या नींबू पानी पीते रहें।
हल्के रंग के और ढीले सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को सूती कपड़े या छाते से जरूर ढकें।