Heatwave Alert: दिल्ली और यूपी समेत इन राज्यों में आसमान से बरसेगी आग, 7 दिन के लिए भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी

Heatwave Alert: मौसम विभाग ने गुरुवार (21 मई) को बताया कि अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज्यादा हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। पंजाब, हरियाणा, NCR-दिल्ली क्षेत्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है

अपडेटेड May 21, 2026 पर 5:41 PM
Story continues below Advertisement
Heatwave Alert: मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है

Heatwave Alert: उत्तर भारत इस वक्त भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। देश में सबसे अधिक तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली में रिज बेस स्टेशन सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सफदरजंग मौसम केंद्र में 44.5 डिग्री, आयानगर में 45 डिग्री, पालम में 44.9 डिग्री और लोधी रोड में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भीषण लू और रात से समय गर्मी की स्थिति को देखते हुए अगले तीन दिन के लिए येलो अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज के लिए अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान


राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रही। पिलानी में 45.3 डिग्री, फलोदी और बीकानेर में 44.8 डिग्री, चूरू में 44.5 डिग्री, अलवर और कोटा में 44.2 डिग्री, जैसलमेर में 43.6 डिग्री, बाड़मेर में 43.4 डिग्री और जयपुर में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह भी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने और तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने का अनुमान है।

हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़

पंजाब और हरियाणा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस और पंजाब के बठिंडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। चंडीगढ़ में इस मौसम का सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।

हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में भी लू जैसी स्थिति बनी रही, जहां मैदानी इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, शिमला में दिन का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शिमला और सोलन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 21 से 23 मई के बीच बिजली चमकने का अनुमान है।

उत्तराखंड

उत्तराखंड में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहा। देहरादून में सबसे अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबकि नई टिहरी में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में बुधवार सुबह उमस भरा मौसम रहा और मौसम विभाग ने पश्चिमी हिस्सों में गर्म मौसम तथा उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।

तेलंगाना

तेलंगाना में भी तापमान तेजी से बढ़ा और जगतियाल जिले के ऐलापुर में 45.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि नलगोंडा और निर्मल जिलों में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने का पूर्वानुमान जताया है।

दिल्ली

दिल्ली में गुरुवार सुबह भीषण गर्मी रही और न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 5.2 डिग्री अधिक है।

यूपी

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को भी दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बांदा एक बार फिर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने अगले एक सप्ताह तक राज्य में अनेक स्थानों पर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है।

रिपोर्ट के मुताबिक बांदा 48 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ एक बार फिर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा प्रयागराज में 46.4 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 45.3 डिग्री सेल्सियस, उरई में 45.2 डिग्री सेल्सियस, मेरठ में 44 डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई में भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।

अगले 7 दिन तक कैसा रहेगा वेदर?

IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "हमें उम्मीद है कि अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज़्यादातर हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। हमने पंजाब, हरियाणा, NCR-दिल्ली क्षेत्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए 6 से 7 दिनों की अवधि के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा, हमने पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों के लिए 3 दिनों की अवधि के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। कल तक, हमारे पूरे हिमालयी क्षेत्र में लू की स्थिति बनी हुई थी।"

उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, आज से इस क्षेत्र पर एक पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो गया है। नतीजतन, आज से जम्मू-कश्मीर में लू का असर कम होने की उम्मीद है। फिर भी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज भी ये स्थितियां बनी रह सकती हैं, जिसके बाद इनके भी कम होने की उम्मीद है। विशेष रूप से NCR-दिल्ली की बात करें तो, इस क्षेत्र में तापमान अभी 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, और लगभग पूरे हफ्ते ऐसी ही स्थिति बने रहने की उम्मीद है। इसलिए हमने NCR-दिल्ली क्षेत्र के लिए भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।"

ये भी पढ़ें- कांग्रेस को सत्ता के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, 20 साल तक रहेगा BJP का दबदबा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।