कांग्रेस को सत्ता के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, 20 साल तक रहेगा BJP का दबदबा

BJP vs Congress: प्रदीप गुप्ता ने एक इंटरव्यू में कहा कि राजनीति में एक सीमा होती है। पहले, कांग्रेस ने 1977 तक लगातार शासन किया। उसके बाद, उसे मुश्किलें आने लगीं। उन दिनों, हम लगभग 20 साल तक चलने वाली राजनीतिक पीढ़ी की बात करते थे। वह 20 साल का दौर अब भी बना रहेगा

अपडेटेड May 21, 2026 पर 5:22 PM
Story continues below Advertisement
BJP vs Congress: दावा किया गया है कि सत्तारूढ़ BJP की स्थिति 20 साल तक सुरक्षित रहेगी

BJP vs Congress: प्रसिद्ध चुनाव विश्लेषक प्रदीप गुप्ता ने दावा किया है कि 2014 में शुरू हुआ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राजनीतिक दबदबे का मौजूदा दौर ‘कम से कम 20 साल तक जारी रह सकता है। 'द एक्सिस माई इंडिया' चुनावी सर्वे संस्था के प्रमुख गुप्ता ने तर्क दिया कि सत्तारूढ़ भगवा पार्टी की स्थिति तब तक सुरक्षित रहेगी जब तक उसके शासन का प्रदर्शन बहुत कमजोर नहीं हो जाता। कांग्रेस के लंबे समय तक रहे राजनीतिक प्रभुत्व के साथ तुलना करते हुए गुप्ता ने कहा कि भारतीय राजनीति एक पार्टी के प्रभाव के एक और दौर की साक्षी बन रही है।

प्रदीप गुप्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "राजनीति में एक सीमा होती है। पहले, कांग्रेस ने 1977 तक लगातार शासन किया। उसके बाद, उसे मुश्किलें आने लगीं। उन दिनों, हम लगभग 20 साल तक चलने वाली राजनीतिक पीढ़ी की बात करते थे। वह 20 साल का दौर अब भी बना रहेगा।" उन्होंने कहा कि BJP भी इसी तरह लंबे समय तक भारतीय राजनीति का केंद्रीय ध्रुव बनी रह सकती है।

उनके विचार में, सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष दोनों का भविष्य काफी हद तक मौजूदा सरकार के कामकाज पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, "इतना बड़ा जनादेश मिलने के बाद BJP से उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। इसलिए BJP और NDA को अब शानदार कामकाज करना होगा।’’ गुप्ता ने कहा, "जब तक उनका प्रदर्शन कमजोर या खराब नहीं होता, वे जीतते रहेंगे और विपक्ष हारता रहेगा।"


गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पर पहले कुशासन रहने की धारणाओं से जुड़े विरासत में मिले मुद्दों का बोझ बना हुआ है जिससे उसके राजनीतिक नुकसान की भरपाई एक लंबी प्रक्रिया बन गई है। उन्होंने कहा, "अगर आप 2029 की भी बात करें, तो इसका मतलब होगा लगभग 15 साल (कांग्रेस के लिए सत्ता से बाहर रहने के)। मुझे लगता है कि उन्हें पूरे देश को मनाने में कम से कम पांच साल और लग सकते हैं।"

प्रदीप गुप्ता ने यह भी कहा कि राजनीतिक प्रभुत्व ने जनता की आकांक्षाएं भी बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा, "जब आप बड़ी ऊंचाइयों पर पहुंचते हैं, तो बाद में नीचे आने की भी प्रवृत्ति बनी रहती है। BJP भी उस स्तर पर पहुंच गई है जहां उससे आकांक्षाएं बढ़ गई हैं।"

ये भी पढ़ें- Nepal Train: पैसेंजर ट्रेन से भी जा सकते हैं नेपाल और किराया सिर्फ 44 रुपये! जानिए इस खास ट्रेन का रूट और स्टॉपेज

प्रदीप गुप्ता ने यह भी कहा है कि उनकी एजेंसी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से लगभग एक साल पहले ही विजय के एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरने के संकेत देने शुरू कर दिए थे। मतदाताओं द्वारा उन्हें राज्य की स्थापित द्रविड़ पार्टियों के एक विश्वसनीय विकल्प के रूप में देखे जाने के कारण अभिनेता-राजनेता के समर्थन में लगातार वृद्धि हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।