Heatwave alert in UP: उत्तर प्रदेश में इस वक्त आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। देश के उत्तरी राज्यों के कई स्थानों पर दिन के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से करीब दर्ज किया गया। जबकि भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस बीच, यूपी के चार जिलों में प्रशासन ने मजदूरों की परेशानी को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रचंड गर्मी को देखते हुए आगरा मंडल में मजदूरों को दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच काम करने पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने ठंडे पानी, ORS, छाया और प्राथमिक इलाज की सुविधाओं की व्यवस्था अनिवार्य कर दी है। आदेश का किसी भी उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। अमर उजाला के मुताबिक, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दिन में 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम करने पर रोक लगा दी है।
एक आदेश जारी कर कहा गया है कि जब तक प्रचंड गर्मी पड़ रही है दोपहर में सभी मजदूरों को छुट्टी दी जाएगी। इस आदेश के उल्लंघन पर चारों जिलों के डीएम को मंडलायुक्त ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शहरों में काम करने वाले मजदूरों के अलावा ईंट-भट्टों, निर्माण साइटों और खुले में काम करने वाले मजदूरों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से आराम करेंगे।
मंडलायुक्त ने अपने आदेश में कहा है कि सभी ईंट-भट्टों, कंपनियों और निर्माण साइटों के सेवायोजकों को अपने श्रमिकों के लिए ठंडे पानी, ओआरएस घोल और पर्याप्त छाव की व्यवस्था करनी होगी। इसके साथ ही वर्कप्लेस पर प्राथमिक इलाज के पुख्ता इंतजाम रखने होंगे।
यूपी में गर्मी से लोग परेशान, पारा हाई
उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से जबरदस्त तपिश और लू की चपेट में रहे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश मंडलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। लू चलने से लोग बेहाल रहे। रिपोर्ट में बताया गया, इस अवधि के दौरान प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अन्य जिलों के मुकाबले सबसे अधिक था।
इसके अलावा, वाराणसी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, सुलतानपुर में 43.3 डिग्री और बांदा में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जबकि लखनऊ और आस-पास के इलाकों में आसमान साफ रहने एवं भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में दिन के समय कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर रात के समय भी गर्मी बरकरार रहने का अनुमान है।