Heavy Rain Alert: 6 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानें आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा
Heavy Rain Alert: देशभर में मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बिगड़ा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, हिमाचल और एमपी में रेड अलर्ट और कई अन्य राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दिनों तक भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित रहने की आशंका है
Heavy Rain Alert: उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।
देश के कई हिस्सों में मानसून के आसार बने हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम काफी अस्थिर है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में कल हुई जोरदार बारिश के बाद आज भी लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 15 मिमी से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और तमिलनाडु में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।
दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में आज भारी बारिश का जोखिम कम है, लेकिन मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबीक, कल यानी 3 सितंबर को जोरदार बारिश हो सकती है और आंधी भी चल सकती है। इसके बाद 4 और 5 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मयूर विहार में पहले ही राहत शिविर स्थापित किए जा चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में भीषण बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। लखनऊ, बाराबंकी, बरेली, अमेठी, प्रयागराज, हापुड़, सहारनपुर, बिजनौर, खेरी, फरुखाबाद, शाहजहांपुर, मेरठ, रामपुर, बहराइच, बदायूं और पीलीभीत में आज भी 15 मिमी प्रतिघंटे की गति से बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार और उत्तराखंड में मौसम का हाल
बिहार के 12 जिलों में आज बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है। समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम और पूर्वी चंपारण में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तराखंड में भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं के चलते देहरादून और टिहरी गढ़वाल में रेड अलर्ट जारी किया गया है। चंपावत, बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में भी भारी बारिश की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी भारत में भी भारी वर्षा
हिमाचल प्रदेश के दक्षिणी जिलों में अगले दो दिन रेड अलर्ट जारी है, जबकि तीसरे दिन पूर्वी हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना है। पिछले 24 घंटों में हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और तेलंगाना के कई हिस्सों में 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी 12-20 सेंटीमीटर बारिश हुई।
पश्चिमी और तटीय राज्यों में बारिश की संभावना
आईएमडी ने गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में 3 से 6 सितंबर तक लगातार भारी वर्षा की चेतावनी दी है। गुजरात में विशेष रूप से 4 और 5 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे सौराष्ट्र-कच्छ और घाट क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसी तरह, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश का दौर 3 से 5 सितंबर तक जारी रहेगा।
देशभर में मानसूनी बारिश का असर
पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार भारी बारिश की संभावना है। मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के मेल से देश के उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी तटीय राज्यों में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर रहेगा। सावधानी और सतर्कता ही संभावित नुकसान को कम करने का सबसे अच्छा तरीका है।