Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार (18 सितंबर) को मध्यम से भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण दो नेशनल हाईवे समेत कुल 566 सड़कें बंद कर दी गई हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल में सोलंग और पलचान के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया।
अभिनय से राजनीति में आईं रनौत को मनाली के बीजेपी नेता और पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बारिश से हुई क्षति और अन्य नुकसानों के बारे में बताया। सिंह ने सांसद को बताया कि खतरे में पड़े 15-16 घरों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बीजेपी सांसद को बताया कि पूरा सोलंग गांव पर भूस्खलन का खतरा है। व्यास नदी उस पहाड़ को काट रही है जिस पर यह गांव बसा है। स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि पानी के प्रवाह को मोड़कर नदी का रूट बदलना तत्काल उपाय होगा।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के अलग-अलग इलाकों में गुरुवार को भारी बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की 'येलो अलर्ट' जारी की है। IMD ने बताया कि शिमला, कांगड़ा, पालमपुर, मुरारी देवी और सुंदरनगर में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि ताबो और बजौरा में 33 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
इस साल मानसून के आगमन के बाद से इस हिमालयी राज्य में बादल फटने की 46, अचानक बाढ़ की 98 और बड़े भूस्खलन की 145 घटनाएं हुई हैं। जबकि 419 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 237 लोगों की मौत बारिश से जुड़ी घटनाओं में और 182 की सड़क दुर्घटनाओं में हुई। 479 लोग घायल हुए हैं, जबकि 45 अब भी लापता हैं।
केरल में भी 'येलो अलर्ट' जारी
इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने गुरुवार को केरल के छह जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। फोरकास्ट में अगले पांच दिनों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम और त्रिशूर में 23 सितंबर तक निवासियों को थोड़ी-थोड़ी देर के लिए तेज बारिश का सामना करना पड़ सकता है।