IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में थंडरस्टॉर्म संग हैवी बारिश का अलर्ट, बिहार समेत इन इलाकों में आएगा 50-60kmph रफ्तार वाला भीषण अंधड़

IMD Heavy Rain Alert: देश में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है, लेकिन इसके साथ ही मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर भारत भीषण लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

अपडेटेड May 18, 2026 पर 2:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इन राज्यों में थंडरस्टॉर्म संग हैवी बारिश का अलर्ट, बिहार समेत इन इलाकों में आएगा भीषण अंधड़

IMD Heavy Rain Alert: देश में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है, लेकिन इसके साथ ही मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर भारत भीषण लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा वेदर बुलेटिन के मुताबिक मानसून अंडमान और निकोबार के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों के लिए 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार वाले थंडरस्क्वाल (भीषण अंधड़) की चेतावनी दी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मानसून अब पूरे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को कवर कर चुका है। अनुकूल परिस्थितियों के कारण अगले 3-4 दिनों में इसके और आगे बढ़ने की उम्मीद है। केरल में मानसून के 26 मई तक पहुंचने का अनुमान है।

इन राज्यों में आएगा भीषण अंधड़


मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के लिए पूर्वी भारत के राज्यों में 50-60 किमी/घंटा की रफ़्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है:

बिहार: 19 से 21 मई के बीच बिहार के कई इलाकों में 60 किमी/घंटा की रफ़्तार से धूलभरी आंधी और थंडरस्क्वाल की आशंका है।

पश्चिम बंगाल और झारखंड: गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 19 और 20 मई को, जबकि झारखंड में 18 और 20 मई को भीषण अंधड़ का अलर्ट है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश: इन राज्यों में 20 से 22 मई के बीच तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है:

केरल और माहे: आज (18 मई) केरल में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेष रूप से त्रिपुरा में आज और असम-मेघालय में 23-24 मई को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत: तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में 18-19 मई को भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर भारत में भीषण लू का टॉर्चर

एक तरफ बारिश है, तो दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के लोग लू से बेहाल रहेंगे:

उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में 19 से 24 मई तक भीषण लू का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में भी 19-20 मई को स्थिति गंभीर रहेगी।

मध्य प्रदेश: यहां भी 19 मई तक भीषण लू का प्रकोप बना रहेगा।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान: इन राज्यों में 24 मई तक लू की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान में रातें भी गर्म रहने वाली हैं।

इन इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी

कर्नाटक के तटीय और आंतरिक इलाकों में आज (18 मई) गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। यहां हवा की रफ़्तार 50-60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है।

मछुआरों के लिए IMD ने क्या बताया?

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मौसम बेहद खराब रहने वाला है। केरल और कर्नाटक तट के पास 60 किमी/घंटा की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को 22 मई तक बंगाल की खाड़ी के मध्य और दक्षिण हिस्सों के साथ-साथ अंडमान सागर में न जाने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: IMD Rain Alert in UP: यूपी में झुलसाती लू के बीच फुहारें लेकर आएंगी राहत! IMD ने बताया कहां-कहां बारिश की उम्मीद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।