IMD Rain Alert in UP: यूपी में झुलसाती लू के बीच फुहारें लेकर आएंगी राहत! IMD ने बताया कहां-कहां बारिश की उम्मीद

IMD Rain Alert in UP: उत्तर प्रदेश में जहां एक ओर पूरा राज्य भट्टी की तरह तप रहा है। वहीं, दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बौछारों की संभावना जताई है। हालांकि, यह राहत प्रदेश के सभी हिस्सों को नहीं मिलेगी

अपडेटेड May 18, 2026 पर 2:29 PM
IMD Rain Alert in UP: यूपी में झुलसाती लू के बीच बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है

IMD Rain Alert in UP: उत्तर प्रदेश में भीषण लू और तपिश के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर दी है। जहां एक ओर पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है। वहीं, दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बौछारों की संभावना जताई है। हालांकि, यह राहत प्रदेश के सभी हिस्सों को नहीं मिलेगी। लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों के लिए यह एक बड़ी उम्मीद बनकर आई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आगामी सप्ताह में भीषण गर्मी के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में इन दिनों सूरज की तपिश जानलेवा साबित हो रही है।

पछुआ हवाओं और साफ आसमान के चलते तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन ने उम्मीद जताई है कि 21 मई से मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।


बारिश का पूर्वानुमान: कब और कहां मिलेगी राहत?

IMD लखनऊ के सात दिनों के वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार:-

20 मई तक: पूरे प्रदेश (पश्चिमी और पूर्वी यूपी) में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। तेज सतही हवाएं (20-30 किमी/घंटा, झोंकों के साथ 40 किमी/घंटा) चलेंगी। इससे लू का असर और बढ़ेगा।

21 से 24 मई: पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (नेपाल सीमा से सटे जिले और पूर्वांचल के कुछ हिस्से) में कहीं-कहीं वर्षा, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश: यहां फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं हैं। 24 मई तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।

भीषण लू को लेकर सीएम योगी का हाई अलर्ट

पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 19, 20 और 21 मई को प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू की स्थिति रह सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।

योगी सरकार ने की हैं ये तैयारियां

हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए अस्पतालों में दवाओं, बेड और डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक जगहों पर लगातार पीने योग्य पानी की सप्लाई और राज्य भर में बिना कटौती बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। सीएम योगी ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से धूप में न निकलने की अपील की है।

तापमान में 3-4 डिग्री की होगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है। फिलहाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में लू का कहर सबसे ज्यादा रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 21 मई के बाद बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है।

ये भी पढ़ें- पहले बिना हेलमेट दौड़ाई बुलेट और अब यूपी BJP विधायक शलभ मणि त्रिपाठी पुलिस को चिट्ठी लिख कह रहे- 'मुझपर फाइन लगाओ'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।