Shalabh Mani Tripathi: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक विधायक ने पहले बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाई और फिर देवरिया पुलिस से खुद चालान काटने की अपील भी कर दी। देवरिया सदर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने खुद पुलिस से चालान काटने की अपील की है।
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सोमवार (18 मई) को कहा कि रविवार (17 मई) सुबह मेहड़ा पुरवां स्थित आवास पर BJP कार्यकर्ता प्रमोद मणि ने उनसे अपनी नई मोटरसाइकिल चलाने का आग्रह किया। त्रिपाठी ने कहा कि मैं उनके इस आग्रह को ठुकरा नहीं सका और बिना हेलमेट मोटरसाइकिल पर सवारी की जो नियमों के खिलाफ है।
विधायक ने कहा कि अपनी गलती का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई करने और चालान काटने की अपील की। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की भी अपील की। उनकी इस पहल की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।
शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "देवरिया के मेहड़ा पुरवां में मेरे आवास के करीब श्री प्रकाश यादव जी की चाय की दुकान पर कार्यकर्ता साथियों व शुभचिंतकों के साथ सुबह की चाय पर बैठकी हुई, इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता एवं अनुज प्रमोद मणि जी ने नई बुलेट ख़रीदने की जानकारी देते हुए चला कर इसका शुभारंभ करने का आग्रह किया, हेलमेट ना होने के बावजूद मैं उनका आग्रह टाल ना सका।"
बीजेपी विधायक ने आगे कहा, "हम दोनों ने मेरे आवास तक बुलेट चलाई, जो यातायात नियमों एवं सुरक्षा की दृष्टि से गलत है, मैंने देवरिया पुलिस को कहा है कि इस त्रुटि के लिए तत्काल चालान काट कर मुझे अवगत करा दें, हेलमेट यातायात नियमों के पालन के साथ ही अपनी हिफाजत के लिए भी अत्यंत आवश्यक है, जो त्रुटि मुझसे हुई, वह आप कतई ना करें, वाहन पर हमेशा हेलमेट का इस्तेमाल जरूर करें, लापरवाही ना करें। जय देवरिया।"
शलभ मणि त्रिपाठी के इस पोस्ट पर सोसल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "आपके विचार अच्छे हैं। अनुशासन जरूरी हैं। लेकिन बहुत से नेता जी के पास कॉल इसीलिए आता हैं कि गाड़ी का कागज नहीं है हेलमेट नहीं है तो कृपया विधायक जी या नेता जी बात कर लीजिए।"
एक अन्य यूजर ने लिखा, "मोदी जी कम से कम तेल खर्च करने को बोल रहे हैं तो BJP कार्यकर्ता बुलेट क्यों खरीद रहे हैं और भाजपा विधायक उसका उद्घाटन क्यों कर रहे हैं। आप लोग चाहे तो समाज में अच्छा उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं और लोगों से अपील भी करें इलेक्ट्रिक वाहन ले या कम तेल में ज्यादा चलने वाला लें।"
एक तीसरे यूजर ने लिखा, "क्या बस हेलमेट ही जरूरी है? हातका गार्ड, पेरका गार्ड, एब्डोमिनल गार्ड, पीठ के लिए गार्ड जरूरी नही है? या दुरसे हेलमेट दिखता है तो चालान करना असान हो जाता है इस लिए? बाकी रोड के खड़ो के बारेमे मे कुछ नही कहना चाहता।"
पुलिस ने काटे 1000 रुपये के चालान
बीजेपी विधायक ने एक अन्य पोस्ट में कहा, "टेस्ट ड्राइव की प्यार भरी ज़िद के चलते कुछ दूर तक बिना हेलमेट बुलेट चलाने की मुझसे त्रुटि हुई, मैंने स्वयं @DeoriaPolice से संपर्क कर यातायात नियमों के तहत मेरा चालान करने को कहा, जिस पर देवरिया पुलिस द्वारा ₹1000 का चालान किया गया, जिसकी जुर्माना राशि भी तत्काल जमा कर दी गई है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं आप सभी से भी विनम्र आग्रह करता हूँ कि ऐसी कोई भी गलती न करें जो न केवल ट्रैफिक नियमों की अवहेलना हो, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी खतरा बने। दोपहिया वाहन चलाते समय सदैव हेलमेट पहनें और अपने परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मुझ पर ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई करने के लिए देवरिया पुलिस का हृदय से धन्यवाद।"