गुरुग्राम में भारी बारिश का कहर! सड़कों पर जलभराव होने से ट्रैफिक ठप, प्रशासन ने वर्क फ्रॉम होम की दी सलाह

Gurugram Rain Update: गुरुग्राम में 24 घंटे से हो रही झमाझम बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट ऑफिस और निजी संस्थानों को दो दिनों यानी गुरुवार और शुक्रवार (6-7 अगस्त) तक कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की सलाह दी है।

अपडेटेड Aug 06, 2026 पर 3:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गुरुग्राम में भारी बारिश का कहर! सड़कों पर जलभराव होने से ट्रैफिक ठप

Gurugram Rain Update: गुरुग्राम में 24 घंटे से हो रही झमाझम बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट ऑफिस और निजी संस्थानों को दो दिनों यानी गुरुवार और शुक्रवार (6-7 अगस्त) तक कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की सलाह दी है। बता दें कि अभी तक गुरुग्राम में 97mm बारिश दर्ज की गई है। वहीं, मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

यह एडवाइजरी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन और जिला मजिस्ट्रेट उत्तम सिंह ने जारी की है। इसका मकसद सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना और सड़क व ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत के काम को बिना रुकावट जारी रखना है।

गुरुग्राम प्रशासन की इस एडवाइजरी के साथ ही गुरुग्राम पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि संस्थान अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें और लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर वाहन लेकर न निकलें। पुलिस ने कहा है कि सड़कों को एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी सेवाओं के लिए खाली रखना जरूरी है।


गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण गुरुग्राम में लगातार दूसरे दिन भी हालात बिगड़े हुए हैं। इससे पहले बुधवार को भी 97 मिमी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और बिजली कटौती की समस्या सामने आई थी।

यह गुरुग्राम में दो दिनों के अंदर दूसरी बार बारिश से पैदा हुआ बड़ा व्यवधान है। मंगलवार शाम हुई बारिश के बाद भी शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया था और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। वहीं, गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे फिर बारिश शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। इसके चलते कई इलाकों में पानी भर गया और ऑफिस जाने के समय मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी हो गई।

गुरुग्राम पुलिस ने 'वर्क फ्रॉम होम' करने के लिए क्यों कहा है?

X पर जारी एक एडवाइजरी में गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि "गैर-जरूरी गाड़ियों" की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक आसानी से चलेगा और एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और दूसरी इमरजेंसी सेवाओं की आवाजाही में कोई रुकावट नहीं आएगी।

पुलिस ने कहा, "नागरिकों की सुरक्षा और जनहित में आपके सहयोग की उम्मीद है," और लोगों से सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील की।

जिले में कितनी बारिश हुई है?

गुरुग्राम के जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (DIPRO) के अनुसार, 5 अगस्त की सुबह 8 बजे से 6 अगस्त की सुबह 8 बजे के बीच, यानी 24 घंटों में जिले में सबसे ज्यादा बारिश सोहना तहसील में (110 मिमी) दर्ज की गई, इसके बाद गुरुग्राम शहर में 97mm बारिश हुई।

इलाका 24 घंटे में हुई बारिश
सोहना 110 मिमी
गुरुग्राम 97 मिमी
कादीपुर 74 मिमी
हरसारू 74 मिमी
वजीराबाद 55 मिमी
मानेसर 54 मिमी
बादशाहपुर 13 मिमी
फर्रुखनगर 7 मिमी
पटौदी 6 मिमी

DIPRO की एडवाइजरी में नागरिकों से कहा गया है कि वे भारी बारिश के दौरान जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें, पानी भरे रास्तों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ट्रैफिक पर कितना बुरा असर पड़ा है?

भारी बारिश के कारण सोहना रोड पर लंबा जाम लग गया है। बादशाहपुर बिजली बोर्ड के पास पानी भरने की वजह से सोहना से गुरुग्राम की तरफ जाने वाली गाडियों की रफ्तार पर बुरा असर पड़ा है और लोगों को इस रास्ते से गुजरने में काफी परेशानी हो रही है।

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह-सुबह नरसिंहपुर, मानेसर और बिलासपुर इलाकों में भी ट्रैफिक धीमा रहा। वहीं, दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ऑफिस जाने के समय भीड़ बढ़ने के कारण IFFCO चौक से राजीव चौक के बीच ट्रैफिक और ज्यादा धीमा हो गया।

निचले इलाके नरसिंहपुर स्ट्रेच में जलभराव के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एक तरफ जाम क्लोवरलीफ इंटरचेंज तक पहुंच गया, जबकि दूसरी ओर इसका असर हीरो होंडा चौक तक देखने को मिला।

वहीं, मानेसर में जयपुर जाने वाली लेन पर भी ट्रैफिक धीमा था, जबकि बिलासपुर में सड़क के दोनों तरफ भारी जाम लग गया, जिससे ट्रैफिक को संभालने के लिए पुलिस तैनात करनी पड़ी। HT की रिपोर्ट के मुताबिक, इस रास्ते पर सर्विस लेन भी गाड़ियों से भरी हुई थीं।

बारिश के कारण गुरुवार को होने वाली नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की निर्धारित हाउस मीटिंग भी रद्द कर दी गई।

कहां-कहां हुआ जलभराव?

गुरुग्राम के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आई है। इनमें सूरत नगर-दहनवापुर रेवेन्यू रोड, सेक्टर-102, 69, 67, 49, 43, 17A, 10 और 5, अशोक विहार, सनसेट बुलेवार्ड रोड, शीतला माता रोड और साउथ सिटी-1 जैसे इलाके शामिल हैं।

HT के अनुसार, अशोक विहार फेज 3 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट विकास हुड्डा ने कहा कि सिविक और सरकारी अधिकारियों के बार-बार भरोसा दिलाने के बावजूद इलाके की रिहायशी गलियों में भारी जलजमाव बना हुआ है। उन्होंने कहा, "पानी जमा होने के कारण निवासियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।"

वहीं, सेक्टर 46 की रहने वाली सविता देवी ने कहा कि हल्की बारिश से भी शहर ठप हो जाता है। उन्होंने कहा, "अभी सड़कों और रिहायशी गलियों में पानी भरा हुआ है, ट्रैफिक की रफ्तार बहुत धीमी हो गई है और मॉनसून के दौरान गुरुग्राम लगभग ठप हो जाता है।"

क्या बिजली सप्लाई पर असर पड़ा है?

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (DHBVN) के अधिकारियों ने बताया कि बिजली जाने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए ग्राउंड टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, कई इलाकों में जलभराव की वजह से स्पार्किंग और शॉर्ट सर्किट की समस्या हुई, जिसके चलते एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई काटनी पड़ी।

यह भी पढ़ें: खराब मौसम की चेतावनी: इन राज्यों में 3 दिन तक मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने दिल्ली-यूपी से बिहार तक दिया हैवी रेन का अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।