Heavy Rain Alert: यूपी संग इन 20+ राज्यों में जोरदार बरसेंगे बादल, IMD ने इन 3 इलाकों के लिए जारी की रेड कलर वॉर्निंग

Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 13 अगस्त के लिए जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक देश के 20 से अधिक राज्यों में बादलों की भारी गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा। IMD ने अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए देश के 3 प्रमुख इलाकों छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी की है

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 9:36 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Heavy Rain Alert: 13 अगस्त को कई राज्यों में बारिश का सबसे प्रचंड रूप देखने को मिल सकता है

आज का मौसम: देश में मानसूनी बारिश ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 13 अगस्त के लिए जारी मौसम बुलेटिन के मुताबिक देश के 20 से अधिक राज्यों में बादलों की भारी गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए देश के 3 प्रमुख इलाकों छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए रेड कलर वॉर्निंग जारी की है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत से लेकर दक्षिण व पूर्वोत्तर के राज्यों तक तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का अलर्ट दिया गया है।

3 इलाकों में मूसलाधार का तांडव, जारी हुई रेड वॉर्निंग

मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त को तीन इलाकों में बारिश का सबसे प्रचंड रूप देखने को मिल सकता है। छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इन तीनों क्षेत्रों में आफत की बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव, नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने और यातायात बाधित होने की आशंका है। इसी जोखिम को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन प्रणालियों को अलर्ट पर रखा गया है।


झारखंड में बहुत भारी बारिश, यूपी समेत 20+ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

रेड वॉर्निंग वाले इलाकों के अलावा झारखंड के अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके साथ ही देश के 20 से अधिक राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। उत्तर भारत में पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भारी बारिश होगी। मध्य और पश्चिमी भारत में पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात क्षेत्र, कोंकण व गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी मूसलाधार बौछारें पड़ेंगी।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल और केरल व माहे में भी भारी वर्षा का अलर्ट दिया गया है।

50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं, कड़केगी बिजली

13 अगस्त को बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ सकती हैं। आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराइकल में अलग-अलग जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।

इसके अलावा अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और पश्चिम मध्य प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बिजली चमकेगी। वहीं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात राज्य, अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने का अंदेशा जताया गया है।

अरब सागर में मछुआरों के लिए चेतावनी

दक्षिण और तटीय भारत में मौसमी हलचल तेज रहेगी। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना के अलग-अलग क्षेत्रों में दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। समुद्री मौसम की बात करें तो अरब सागर में स्थितियां काफी खराब रहने वाली हैं।

ये भी पढ़ें- Pitbull attack: पटियाला में किराए का घर देखने गए कपल पर पिटबुल कुत्ते ने किया जानलेवा हमला, खौफनाक CCTV वीडियो देखिए

सोमालिया और ओमान तट के पास व उससे सटे क्षेत्रों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों और तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सुरक्षा के लिहाज से इन इलाकों में न जाने की हिदायत दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।