Pitbull attack couple video: पंजाब के पटियाला में स्थित घुमन नगर में एक पिटबुल कुत्ते के हमले में एक पति-पत्नी बुरी तरह घायल हो गए। इस घटना का खौफनाक CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस हमले में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। उसकी प्लास्टिक सर्जरी की गई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित कपल एक रियल एस्टेट डीलर के साथ किराए का घर देखने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान घर का गेट खोलते ही परिसर में मौजूद पिटबुल कुत्ते ने महिला पर हमला बोल दिया। उसे बचाने की कोशिश में उसका पति भी खौफनाक हमले का शिकार हो गया।
पिटबुल ने सीधे महिला का पैर पकड़ लिया। जब महिला के पति ने उसे बचाने की कोशिश की तो कुत्ते ने व्यक्ति की पीठ चबा ली। घटना पर टिप्पणी करते हुए पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि शहर में आक्रामक नस्ल के कुत्तों को पालतू जानवर के तौर पर रखने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले पर नगर निगम की बैठक में चर्चा की जाएगी और इस संबंध में एक विशेष प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
गेट खोलते ही कर दिया हमला
यह घटना मंगलवार शाम को हुई, जब पटियाला के रहने वाले अंकित सभरवाल और उनकी पत्नी शिफाली एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ किराए का घर देखने घुमन नगर गए थे। अंकित के अनुसार, जब घर का गेट खोला गया, तो एक पिटबुल कुत्ता तेजी से बाहर निकला और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह नोच लिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और सर्जरी की जरूरत पड़ी। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पति ने की बचाने की पूरी कोशिश
अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश में अंकित के पैरों और पीठ पर भी कुत्ते के काटने से गहरे घाव हो गए। घटना के कथित CCTV फुटेज में कुत्ता जोड़े पर हमला करता हुआ दिख रहा है। जबकि आस-पास के लोग उसे दूर भगाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित उस बेकाबू जानवर से बचने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हमले के बाद भी कपल को नोचता रहा पिटबुल
इसके बाद घर से एक महिला लाठी लेकर बाहर आती है। लेकिन कुत्ते को रोकने में नाकाम रहती है। इसके बाद, लाठी लिए हुए दो-तीन और लोग उस आक्रामक कुत्ते की ओर बढ़ते हुए और किसी तरह घायल कपल को दूर खींचते हुए दिखाई देते हैं। अंकित ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कुत्ते को खुला छोड़ने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शहर में कुत्तों के हमले की लगातार घटनाओं के बीच इस घटना ने निवासियों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। इससे पहले, 9 अगस्त को गुरु नानक नगर इलाके से गुजरते समय एक आवारा कुत्ते ने कथित तौर पर एक लड़की को बुरी तरह काट लिया था। फिलहाल, पटियाला वाले घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।